कोरिया/सोनहत (समाचार मित्र) ग्राम पंचायत रजौली के ग्राम धनपुर में शनिवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दूसरी कक्षा में पढ़ने वाली मासूम बच्ची कुमारी प्रियांशी पैकरा की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि भारत इंग्लिश मीडियम स्कूल की बस की चपेट में आने से बच्ची ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि तत्काल मौके पर पहुंचे तथा पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।
हादसे के बाद जिला पंचायत कोरिया के संचार-संकर्म सभापति सुरेश सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी जितेंद्र गुप्ता, विकासखंड शिक्षा अधिकारी अरविंद सिंह, नायब तहसीलदार तथा संकुल समन्वयक कुलदीप सिंह सहित अधिकारी घटनास्थल और पीड़ित परिवार के घर पहुंचे। अधिकारियों ने घटना की जानकारी लेते हुए मामले की गंभीरता से जांच किए जाने की बात कही।
जिला पंचायत सदस्य एवं सभापति सुरेश सिंह की पहल पर पीड़ित परिवार को अंतिम संस्कार एवं अन्य तात्कालिक आवश्यकताओं के लिए 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता राशि प्रदान की गई। इस दौरान अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने शोकाकुल परिजनों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
परिजनों ने हादसे की जांच कर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। प्रशासनिक अधिकारियों और सुरेश सिंह ने परिवार को आश्वस्त किया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी। जांच में जो भी व्यक्ति या संस्था जिम्मेदार पाई जाएगी, उसके विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


