कोरिया (समाचार मित्र) बाजारपारा पटना में बिजली तारों के मकड़जाल को लेकर शिकायत, व्यवस्थित करने की मांग
पटना। नगर पंचायत पटना के बाजारपारा क्षेत्र में अव्यवस्थित एवं नीचे लटक रहे विद्युत तारों की समस्या को लेकर सांसद प्रतिनिधि दीपक खत्री ने छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत मंडल, पटना के कनिष्ठ अभियंता को आवेदन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
आवेदन में बताया गया है कि बाजारपारा क्षेत्र में विद्युत तारों का मकड़जाल बना हुआ है। कई स्थानों पर बिजली के तार काफी नीचे लटके हैं तथा आए दिन तार टूटने की घटनाएं सामने आती रहती हैं। इससे आम नागरिकों और राहगीरों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।
आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि आगामी गणेश पूजा, दुर्गा पूजा और विसर्जन जैसे धार्मिक आयोजनों के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों का आवागमन इसी मार्ग से होता है। ऐसे में नीचे लटके और अव्यवस्थित विद्युत तार दुर्घटना का कारण बन सकते हैं। खुले एवं अव्यवस्थित तारों के कारण क्षेत्र में लो-वोल्टेज की समस्या होने की बात भी आवेदन में कही गई है।
सांसद प्रतिनिधि ने विद्युत विभाग से बाजारपारा क्षेत्र का तत्काल निरीक्षण कर नीचे लटके एवं टूटे तारों को व्यवस्थित करने, सुरक्षित ऊंचाई पर लगाने तथा तारों के मकड़जाल को हटाने की मांग की है। साथ ही लो-वोल्टेज की समस्या का स्थायी समाधान करने का आग्रह किया गया है, ताकि आगामी धार्मिक आयोजनों के दौरान लोगों को परेशानी और किसी अप्रिय घटना का सामना न करना पड़े।
आवेदन के दौरान स्थानीय लोगों एवं अन्य कार्यकर्ताओं की मौजूदगी भी रही।



