कोरिया (समाचार मित्र) कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में मंगलवार को आयोजित समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने विभागीय योजनाओं, विकास कार्यों और लंबित प्रकरणों की गहन समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही अथवा अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को जवाबदेही और संवेदनशीलता के साथ समय-सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
हर विद्यार्थी की बने अपार आईडी कलेक्टर ने जिले में विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत अपार आईडी बनाने के लिए अभियान चलाने के निर्देश दिए। संकुल समन्वयकों को अभियान के माध्यम से कार्य पूर्ण कराने तथा विकासखंड शिक्षा अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करने कहा गया। साथ ही जिन विद्यार्थियों के आधार पंजीयन, आधार अपडेट अथवा जन्म प्रमाण पत्र लंबित हैं, उनका चिन्हांकन कर शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
सीएम हेल्पलाइन में केवल खानापूर्ति नहीं, हो वास्तविक समाधान
सीएम हेल्पलाइन, जनदर्शन, पीजी पोर्टल और लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि शिकायत का केवल निराकरण दर्ज करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि आवेदक की समस्या का वास्तविक और संतोषजनक समाधान होना चाहिए। अधिकारियों को व्यक्तिगत रुचि लेकर जनशिकायतों का निराकरण करने के निर्देश दिए।
एग्रीस्टेक और डिजिटल क्रॉप सर्वे में तेजी
किसानों से संबंधित एग्रीस्टेक पंजीयन की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने संस्थागत पंजीयन को प्राथमिकता से पूरा कराने कहा। राजस्व एवं कृषि विभाग के अधिकारियों को किसानों से संपर्क कर आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने में सहयोग करने के निर्देश दिए।
वहीं डिजिटल क्रॉप सर्वे में धीमी प्रगति वाले ग्रामों को चिन्हांकित कर विशेष टीम के माध्यम से सर्वे जल्द पूरा कराने कहा गया। पटवारियों द्वारा किए गए सर्वे किए गए प्लॉट का अप्रूवल भी शीघ्र करने के निर्देश दिए गए।
पुराने राजस्व प्रकरणों पर विशेष फोकस
राजस्व न्यायालयों में लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने पुराने मामलों को प्राथमिकता से लेते हुए नियमानुसार समयबद्ध निराकरण करने के निर्देश दिए। न्यायालयीन प्रकरणों में समय पर जवाबदावा प्रस्तुत करने पर भी जोर दिया गया।
बारिश से खराब सड़कों की तत्काल मरम्मत
बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों को लेकर कलेक्टर ने संबंधित विभागों को तत्काल मरम्मत कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा और आम नागरिकों की सुविधा प्रशासन की प्राथमिकता है। चिन्हांकित सड़कों का नियमित निरीक्षण कर आवश्यकतानुसार मरम्मत में देरी नहीं होनी चाहिए।
ग्रामीणों को मिले ज्यादा से ज्यादा रोजगार
वीबीजी-रामजी ग्रामीण रोजगार से संबंधित कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने ग्राम पंचायतों में स्वीकृत कार्यों को शीघ्र शुरू कराने और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वीकृत कार्यों के माध्यम से ग्रामीणों को अधिक से अधिक रोजगार उपलब्ध कराया जाए।
‘सुघ्घर छत्तीसगढ़’ पोर्टल पर सही जानकारी अपलोड करने के निर्देश
‘सुघ्घर छत्तीसगढ़’ अभियान की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने संबंधित विभागों को पोर्टल पर निर्धारित जानकारी समय पर अपलोड करने कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि पोर्टल पर दर्ज जानकारी अद्यतन, तथ्यपरक और प्रमाणित होनी चाहिए।
बैठक में सुशासन तिहार, कलेक्टर जनदर्शन, पीजी पोर्टल, लोक सेवा गारंटी अधिनियम, सीएम हेल्पलाइन सहित विभिन्न जनशिकायतों की विभागवार समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशों का गंभीरता से पालन करते हुए प्रत्येक कार्य की नियमित मॉनिटरिंग करने कहा।
उन्होंने कहा कि जनहित के कार्यों में संवेदनशीलता, समयबद्धता और जवाबदेही ही सुशासन की पहचान है। प्रशासन का उद्देश्य नागरिकों को त्वरित, पारदर्शी और बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना है।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री योगेंद्र श्रीवास, एडीएम श्री सुरेन्द्र प्रसाद वैद्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। 


