कोरिया (समाचार मित्र) पी.एस. एकेडमी स्कूल पटना में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व हर्षोल्लास एवं भक्तिमय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया, जहां बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण एवं राधा के मनमोहक रूप धारण कर सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने राधा-कृष्ण की वेशभूषा में मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की मासूम अदाओं और आकर्षक पोशाकों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। विद्यालय परिसर में भक्ति गीतों एवं श्रीकृष्ण के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया।
जन्माष्टमी के अवसर पर बच्चों को भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, उनके आदर्शों तथा गीता के संदेशों से भी परिचित कराया गया। शिक्षकों ने बच्चों को श्रीकृष्ण के जीवन से प्रेम, सत्य, कर्म और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा लेने की बात कही। कार्यक्रम में विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। शिक्षकों ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस तरह के सांस्कृतिक आयोजनों से बच्चों में भारतीय संस्कृति एवं संस्कारों के प्रति रुचि बढ़ती है। राधा-कृष्ण की मनमोहक झांकियों और बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों ने जन्माष्टमी समारोह को यादगार बना दिया।

