कोरबा (समाचार मित्र) नशे की हालत में बाइक चला रहा युवक सड़क पर मौजूद गड्ढे से टकरा गया जिससे चालक का संतुलन बिगड़ गया और बाइक सामने से आ रहे ट्रेलर की चपेट में आ गई।
मामला कोरबा रिंग रोड पर ग्राम पंचायत परीपानी के पास एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। उरगा की ओर से बालको जा रहे ट्रेलर क्रमांक CG 10 CD 8970 और बालको की ओर से आ रही मोटरसाइकिल क्रमांक CG 12 BN 2136 के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन गनीमत रही कि किसी की जान नहीं गई।
जानकारी के अनुसार बाइक सवार मनीष कंवर कथित तौर पर नशे की हालत में बाइक चला रहा था। इसी दौरान सड़क पर मौजूद गड्ढे से बाइक टकरा गई, जिससे चालक का संतुलन बिगड़ गया और बाइक सामने से आ रहे ट्रेलर की चपेट में आ गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक का अगला हिस्सा करीब 100 से 150 मीटर दूर जा गिरा। वहीं, बाइक को बचाने के प्रयास में ट्रेलर सड़क किनारे जा घुसा, जिससे ट्रेलर को भी काफी नुकसान पहुंचा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेलर की रफ्तार भी काफी तेज थी। घटना के बाद दोनों वाहन चालकों के नशे में होने की बात सामने आ रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच और मेडिकल परीक्षण के बाद ही हो सकेगी।
बड़ा हादसा टला
भीषण टक्कर के बावजूद किसी की जान नहीं गई, जिससे एक बड़ा जनहानि वाला हादसा टल गया। घटना ने एक बार फिर कोरबा रिंग रोड पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार और नशे में वाहन चलाने जैसे गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि रिंग रोड पर भारी वाहनों की गति पर प्रभावी नियंत्रण रखा जाए और नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। लोगों का कहना है कि सड़क पर मौजूद गड्ढों के साथ तेज रफ्तार और लापरवाही किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकती है।

