छत्तीसगढ़ (समाचार मित्र) दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) के बिलासपुर रेल मंडल अंतर्गत खोंगसरा-भनवारटंक रेलखंड की एक सुरंग में तेंदुए की मौजूदगी से हड़कंप मच गया। सुरंग के भीतर रेलवे ट्रैक पर आराम से टहलते तेंदुए का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, सुरंग के अंदर घूम रहे तेंदुए को सबसे पहले एक रेलवे ड्राइवर ने देखा। इसके बाद सूचना मिलने पर वहां से गुजर रही ट्रेन के लोको पायलट ने अपने मोबाइल फोन से तेंदुए का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। वीडियो में तेंदुआ रेलवे ट्रैक के बीचों-बीच चलता हुआ साफ दिखाई दे रहा है।
ट्रैक मेंटेनेंस और गश्त करने वाले कर्मचारियों की बढ़ी चिंता
सुरंग में तेंदुए की मौजूदगी सामने आने के बाद ट्रैक मेंटेनेंस और गश्त में तैनात रेलवे कर्मचारियों की चिंता बढ़ गई है। कर्मचारियों के मुताबिक, घने जंगलों और पहाड़ी इलाकों से घिरे इस रेलखंड में उन्हें कई बार कठिन परिस्थितियों में पैदल गश्त और मरम्मत का काम करना पड़ता है। ऐसे में वन्यजीवों की मौजूदगी उनके लिए सुरक्षा का गंभीर खतरा बन सकती है।
मामले की जानकारी सामने आने के बाद वन विभाग ने भी क्षेत्र में निगरानी और गश्त बढ़ा दी है। रेलवे और वन विभाग के बीच समन्वय कर संवेदनशील क्षेत्रों में कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए जाने की जरूरत महसूस की जा रही है।
रेलवे और वन विभाग के सामने चुनौती
खोंगसरा-भनवारटंक रेलखंड का बड़ा हिस्सा जंगल और पहाड़ी क्षेत्र से होकर गुजरता है। ऐसे में यहां जंगली जानवरों की आवाजाही असामान्य नहीं है। हालांकि, रेल सुरंग के भीतर तेंदुए का इस तरह दिखाई देना रेलवे कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ाने वाला है।
रेलवे कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने मांग की है कि संवेदनशील रेलखंडों में नियमित निगरानी बढ़ाई जाए तथा ट्रैक पर काम करने वाले कर्मचारियों को वन्यजीवों से सुरक्षा के लिए आवश्यक सावधानियों और सुरक्षा उपायों की जानकारी दी जाए।
वन्यजीवों की सुरक्षा के साथ-साथ रेलवे कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी जरूरी है, ताकि ऐसी परिस्थितियों में किसी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।

