कोरबा (समाचार मित्र) हाथी को हटाने टैंकर चालक ने जब हॉर्न बजाया तो हाथी भड़क गया और टैंकर चालक की ओर दौड़ पड़ा। हाथी को अपनी ओर आता देख चालक और हेल्पर ने टैंकर छोड़कर भागकर अपनी जान बचाई। इस घटना के चलते हाईवे पर करीब आधे घंटे तक यातायात प्रभावित रहा और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। कटघोरा वनमंडल क्षेत्र में मंगलवार को एक दंतैल हाथी ने नेशनल हाईवे पर डीजल टैंकर का रास्ता रोक दिया।
जानकारी के अनुसार, डीजल टैंकर कटघोरा की ओर से गुजर रहा था। इसी दौरान जंगल से निकलकर एक दंतैल हाथी अचानक सड़क पर आ गया और टैंकर के सामने खड़ा हो गया। चालक ने हाथी को रास्ते से हटाने के लिए हॉर्न बजाया, लेकिन इससे हाथी आक्रोशित हो गया और टैंकर की ओर दौड़ने लगा।
पीछे लेते समय गड्ढे में फंसा टैंकर
हाथी को तेजी से अपनी ओर आता देख चालक ने टैंकर को पीछे लेने का प्रयास किया। इसी दौरान टैंकर का पहिया सड़क किनारे गड्ढे में फंस गया। खतरा बढ़ता देख चालक और परिचालक वाहन छोड़कर जंगल की ओर भाग गए और सुरक्षित स्थान पर पहुंचकर अपनी जान बचाई।
हाथी काफी देर तक सड़क के आसपास मौजूद रहा। इसके चलते हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और करीब आधे घंटे तक यातायात बाधित रहा। हाथी के सड़क से हटने के बाद ही वाहनों की आवाजाही सामान्य हो सकी।
करीब 10 हाथियों का दल कर रहा विचरण
बताया जा रहा है कि इन दिनों कटघोरा वनमंडल क्षेत्र में करीब 10 हाथियों का दल विचरण कर रहा है। हाथियों द्वारा आसपास के खेतों में लगी फसलों को भी नुकसान पहुंचाया जा रहा है। फसल बचाने के लिए ग्रामीण और किसान रातभर जागकर खेतों की रखवाली कर रहे हैं।
वन विभाग हाथियों की लगातार निगरानी कर रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में मुनादी कराकर लोगों को हाथियों से दूर रहने की चेतावनी दी जा रही है। विभाग ने वाहन चालकों से अपील की है कि सड़क पर हाथी दिखाई देने पर हॉर्न न बजाएं, न ही उसके पास जाने या उसे छेड़ने का प्रयास करें।

