बिलासपुर (समाचार मित्र) डॉ. सी.वी. रमन विश्वविद्यालय (CVRU) में 5 सितंबर को शिक्षक दिवस उत्साह, उमंग और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के सम्मान में विशेष कार्यक्रम आयोजित कर उनके प्रति श्रद्धा और सम्मान व्यक्त किया।

कार्यक्रम की शुरुआत में विद्यार्थियों ने विभिन्न रोचक प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपने गुरुओं के प्रति कृतज्ञता प्रकट की। विद्यार्थियों ने रचनात्मक प्रस्तुतियों के जरिए शिक्षकों के जीवन निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका को दर्शाया, जिससे पूरे परिसर में उत्साह और आत्मीयता का माहौल बना रहा।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति *प्रोफेसर प्रदीप कुमार घोष* ने सभी शिक्षकों को सम्मानित किया। अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि, _”शिक्षक केवल ज्ञान प्रदान करने वाला व्यक्ति नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के जीवन को सही दिशा देने वाला मार्गदर्शक होता है। एक अच्छे शिक्षक के संस्कार और शिक्षा से ही श्रेष्ठ समाज तथा सशक्त राष्ट्र का निर्माण संभव है।”
उन्होंने आगे कहा कि शिक्षकों का दायित्व सिर्फ किताबी ज्ञान देना नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों में मानवीय मूल्यों, नैतिकता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी है। आज के बदलते दौर में नई तकनीक के साथ-साथ विद्यार्थियों को संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारियों से जोड़ना बेहद आवश्यक है।
इस अवसर पर कुलपति ने विश्वविद्यालय के सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके समर्पण और योगदान की सराहना की।
कार्यक्रम में डिप्टी रजिस्ट्रार नीरज कश्यप, पुष्पा कश्यप, डॉ. अभिषेक शुक्ला, अनूप शुक्ला सहित सभी विभागों के डीन, विभागाध्यक्ष, प्रशासनिक अधिकारी, प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।


