बिलासपुर (समाचार मित्र) रक्षा बंधन पर्व की रात छत्तीसगढ़ के बिलासपुर के खपरगंज मोहल्ले में हुई पत्थरबाजी और हिंसा के मामले में पुलिस ने चार उपद्रवियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों का नेहरू चौक से जुलूस निकाला। इसके बाद चारों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां कोर्ट के आदेश पर सभी आरोपियों को ज्यूडिशियल रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले में अभी अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
मसानगंज में हिंसा फैलाने और पत्थरबाजी के बाद से दोनों गुटों के लोग फरार हैं। आरोपियों की तलाश में पुलिस की अलग-अलग टीमें लगातार जुटी हुई हैं। घटना के दौरान सामने आए वीडियो फुटेज की मदद से उपद्रवियों की पहचान की जा रही है। इसी आधार पर पुलिस आरोपियों को पकड़ रही है।
शनिवार को पुलिस टीम ने आरोपी अक्षय सिंह पिता अजीत सिंह (28) निवासी यदुनंदन नगर गौर कॉलोनी तिफरा, अभय शर्मा उर्फ जीनू पिता प्रमोद शर्मा (26) निवासी यदुनंदन नगर गौर कॉलोनी तिफरा, मोहनिश गोस्वामी उर्फ सोनू पिता राजेश गोस्वामी (21) निवासी टिकरापारा शिव टॉकीज चौक, सतानंद साहू पिता पिल्लू साहू (25) निवासी भगत सिंह आजाद नगर तिफरा को गिरफ्तार किया है। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस टीम द्वारा सभी आरोपियों का जुलूस निकाला गया।
सुरक्षा के बीच आरोपियों को कोर्ट में किया पेश
गिरफ्तार किए गए आरोपियों को शनिवार को भारी सुरक्षा के बीच पुलिस ने जिला कोर्ट में पेश किया। नेहरू चौक से कोर्ट परिसर तक ले जाने के दौरान सड़क पर पुलिस का कड़ा पहरा रहा। मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसपी पंकज पटेल, सीएसपी गगन कुमार समेत कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।
मुख्य आरोपी समेत अन्य की तलाश जारी
पुलिस अधिकारियों का साफ कहना है कि डिजिटल साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के जरिए एक-एक उपद्रवी की पहचान की जा रही है। मुख्य आरोपी रामसिंह समेत अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
वीडियो देखें।


