कोटा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: पर्यटन स्थल औरापानी से चोरी हुई बाइक बरामद, विधि से संघर्षरत बालक हिरासत में !
पर्यटन स्थल औरापानी से मोटरसाइकिल चोरी करने वाला पकड़ाया, कोटा पुलिस ने बाइक बरामद की !
बिलासपुर कोटा (समाचार मित्र) पर्यटन स्थल औरापानी में घूमने आए युवक की मोटरसाइकिल चोरी के मामले में कोटा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चोरी की बाइक बरामद करते हुए विधि से संघर्षरत एक बालक को हिरासत में लिया है।
मामले में अपराध क्रमांक 669/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है।
मामले का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि दिनांक 15.08.2026 को प्रार्थी अपने भाइयों के साथ मोटरसाइकिल क्रमांक CG 10 AJ 6854 (HF Deluxe)से औरापानी घूमने गया था। घूमने के बाद शाम को वापस आकर देखा तो उसकी मोटरसाइकिल गायब थी। आसपास काफी तलाश करने के बाद भी बाइक नहीं मिली, जिसके बाद प्रार्थी ने थाना कोटा में रिपोर्ट दर्ज कराई।
रिपोर्ट पर अपराध कायम कर विवेचना शुरू की गई। उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीमती मधुलिका सिंह एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कोटा श्रीमती नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में कोटा पुलिस टीम ने घटनास्थल निरीक्षण और गवाहों के कथन लिए।
इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली, जिसके आधार पर विधि से संघर्षरत बालक को पुलिस अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में बालक ने औरापानी से मोटरसाइकिल चोरी करना कबूल किया। उसके कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल जब्त कर विधिवत कार्रवाई की गई है।
कोटा पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने सराहना की है।


