कोरबा (समाचार मित्र )। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत आंची दादर में गुरुवार को एक सुनसान कमरे से युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अभिनय रजक, पिता शंकर रजक के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवक पिछले करीब तीन दिनों से लापता था।
जानकारी के अनुसार, ग्रामीणों ने सुनसान कमरे के अंदर युवक का शव देखा, जिसके बाद तत्काल इसकी सूचना कटघोरा थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, फिलहाल इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है।
संदिग्ध मानकर जांच कर रही पुलिस
कटघोरा थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू के अनुसार, सुनसान कमरे में शव मिलने के कारण पुलिस मामले को संदिग्ध मानते हुए हर पहलू से जांच कर रही है। घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए हैं और मामले की तह तक पहुंचने के लिए फॉरेंसिक टीम की भी मदद ली जा रही है।
पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा होने की संभावना है।
स्थानीय लोगों ने नशे की आदत की कही बात
स्थानीय लोगों के अनुसार, अभिनय रजक शराब का सेवन करता था और कई बार नशे की हालत में भी देखा जाता था। आशंका जताई जा रही है कि नशे की हालत में वह उक्त सुनसान कमरे तक पहुंचा होगा और किसी कारणवश उसकी मौत हो गई।
हालांकि, पुलिस ने फिलहाल मौत के कारण को लेकर किसी भी संभावना की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल कटघोरा पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और युवक के पिछले कुछ दिनों की गतिविधियों तथा उससे जुड़े लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।


