रायपुर (समाचार मित्र) डायल-112 टीम की त्वरित कार्रवाई से नवजात को समय पर चिकित्सा सुविधा और सुरक्षा मिल सकी। घटना ने आपात परिस्थितियों में पुलिस की तत्परता के साथ-साथ मानवीय संवेदनशीलता को भी सामने रखा है। मामला मंदिर हसौद थाना क्षेत्र में पुलिस की तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता का मामला सामने आया है। मोनेट रोड स्थित चिरकुतहीन माता मंदिर के पास सोमवार सुबह करीब 10 दिन का नवजात शिशु लावारिस हालत में मिला। सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और नवजात को सुरक्षित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) मंदिर हसौद पहुंचाया।
जानकारी के मुताबिक, 24 अगस्त 2026 की सुबह करीब 6:37 बजे डायल-112 पुलिस टीम को सूचना मिली कि चिरकुतहीन माता मंदिर के पास एक नवजात शिशु पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। वहां करीब 10 दिन का नवजात लावारिस अवस्था में मिला।
पुलिसकर्मियों ने बिना देरी किए नवजात को सुरक्षित अपने वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मंदिर हसौद पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने बच्चे की जांच की, जिसके बाद उसे शिशु वार्ड में भर्ती कर आवश्यक देखभाल शुरू कर दी गई।
इस कार्रवाई में मंदिर हसौद टाइगर वन के पुलिसकर्मी आर. राजेश यादव और चालक टिकेंद्र साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सूचना मिलते ही दोनों मौके पर पहुंचे और नवजात को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया।
इधर, पुलिस ने नवजात को वहां छोड़कर जाने वाले अज्ञात व्यक्ति की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी है। घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। साथ ही बच्चे की सुरक्षा और उचित देखभाल के लिए संबंधित विभाग को भी सूचना दी गई है।

