छत्तीसगढ़/रायगढ़ (समाचार मित्र) छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में 16 वर्षीय नाबालिग के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक नाबालिग को जन्माष्टमी मेला दिखाने के बहाने कोरबा ले गया और वहां एक होटल में उसके साथ दुष्कर्म किया। मामले में पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर नाबालिग को सुरक्षित बरामद कर लिया है। प्रकरण कोतरा रोड थाना क्षेत्र का बताया गया है।
जानकारी के अनुसार, नाबालिग की मां ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी 16 वर्षीय बेटी 4 सितंबर को बिना बताए घर से कहीं चली गई है। परिजनों ने आशंका जताई थी कि कोई व्यक्ति उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है।
शिकायत के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 137(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने नाबालिग के परिजनों, सहेलियों और परिचितों से पूछताछ की। साथ ही उसके सोशल मीडिया और संपर्कों की भी जांच की गई।
चार महीने पहले ट्रेन में हुई थी पहचान
जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि नाबालिग की बातचीत कोरबा निवासी अनूप साह नामक युवक से होती थी। इसके बाद पुलिस ने युवक की तलाश शुरू की।
पुलिस के अनुसार, संदेही के किरोड़ीमल क्षेत्र में होने की सूचना मिलने पर टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे पकड़ लिया। उसके साथ लापता नाबालिग भी मिली।
पूछताछ में नाबालिग ने बताया कि करीब चार महीने पहले चांपा से रायगढ़ की यात्रा के दौरान ट्रेन में उसकी पहचान आरोपी से हुई थी। इसके बाद दोनों मोबाइल फोन के माध्यम से संपर्क में रहने लगे।
जन्माष्टमी मेला दिखाने के बहाने बुलाने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, रक्षाबंधन के समय नाबालिग का अपनी मां से विवाद हुआ था। उसने यह बात आरोपी को बताई थी। इसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर उसे कोरबा में जन्माष्टमी मेला दिखाने के बहाने बुलाया।
आरोप है कि युवक उसे लेने चांपा पहुंचा और वहां से कोरबा ले गया। पुलिस जांच के अनुसार, कोरबा के एक होटल में नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया गया।
डोंगरगढ़ भी गए थे दोनों
पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद दोनों ट्रेन से डोंगरगढ़ गए और वहां एक-दो दिन जन्माष्टमी मेले में घूमे। इसके बाद वे रायगढ़ लौटे, जहां पुलिस ने दोनों को खोज लिया। नाबालिग को बरामद करने के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई। वहीं आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 64(2)(m) और पॉक्सो एक्ट की धारा 6 के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।


