कोरबा (समाचार मित्र) कोरबा-चांपा मुख्य मार्ग पर उरगा चौक के पास सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने मोर्चा खोल दिया है। सड़क पर जगह-जगह बने गड्ढों और खराब मार्ग के विरोध में कार्यकर्ता धरने पर बैठ गए हैं।
कार्यकर्ताओं का कहना है कि लंबे समय से सड़क की स्थिति खराब है, जिसके कारण राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खराब सड़क के चलते आए दिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है, बावजूद इसके जिम्मेदार विभाग की ओर से समस्या के समाधान को लेकर गंभीर पहल नहीं की जा रही है।
युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़क की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि जब तक सड़क की समस्या को लेकर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रखा जाएगा।

