बिलासपुर/बेलतरा (समाचार मित्र) नवीन शासकीय महाविद्यालय बेलतरा, जिला-बिलासपुर में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी, बिलासपुर के मार्गदर्शन में स्वीप (SVEEP) कार्यक्रम के अंतर्गत मतदाता जागरूकता संबंधी विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में मतदान के प्रति जागरूकता, लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता तथा निष्पक्ष एवं निर्भीक मतदान की भावना विकसित करना रहा।

कार्यक्रम में रंगोली, निबंध एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। रंगोली प्रतियोगिता का विषय “मेरा वोट, मेरी ताकत—जागरूक मतदाता, सशक्त लोकतंत्र”, निबंध प्रतियोगिता का विषय “मतदाता जागरूकता : सशक्त लोकतंत्र की आधारशिला” तथा भाषण प्रतियोगिता का विषय “निष्पक्ष एवं निर्भीक मतदान : स्वस्थ लोकतंत्र की पहचान” रखा गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. शिवदयाल पटेल, सहायक प्राध्यापक, हिंदी तथा विशिष्ट अतिथि डॉ. देवेंद्र कुमार साहू, सहायक प्राध्यापक, राजनीतिशास्त्र रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रो. उदयन पटेल ने किया।

मुख्य अतिथि डॉ. शिवदयाल पटेल ने अपने उद्बोधन में कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी शक्ति जनता की भागीदारी है और मतदान इस भागीदारी का सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मत देश और समाज की दिशा निर्धारित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। युवाओं को स्वयं जागरूक मतदाता बनने के साथ-साथ अपने परिवार और समाज को भी मतदान के प्रति जागरूक करना चाहिए। उन्होंने कहा कि “मतदान केवल अधिकार नहीं, बल्कि लोकतंत्र के प्रति हमारा महत्वपूर्ण दायित्व भी है।” विद्यार्थियों द्वारा मतदाता जागरूकता जैसे महत्वपूर्ण विषय को रंगोली, निबंध और भाषण के माध्यम से रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत करने की उन्होंने सराहना की।
विशिष्ट अतिथि डॉ. देवेंद्र कुमार साहू ने कहा कि लोकतंत्र केवल सरकार चुनने की व्यवस्था नहीं, बल्कि नागरिकों की निरंतर भागीदारी और जागरूकता पर आधारित व्यवस्था है। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि एक जिम्मेदार मतदाता किसी भय, दबाव या प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना अपने मताधिकार का विवेकपूर्ण प्रयोग करता है। उन्होंने कहा कि “निष्पक्ष, निर्भीक एवं जागरूक मतदान ही सशक्त लोकतंत्र की आधारशिला है।” उन्होंने युवाओं से स्वयं मतदान के महत्व को समझने तथा अपने आसपास के पात्र नागरिकों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
प्रतियोगिताओं के परिणाम में निबंध प्रतियोगिता में ममता मरकाम ने प्रथम, रुची कश्यप ने द्वितीय तथा प्रियांशी कोरी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। स्नेहा विश्वकर्मा, रागिनी यादव, राधिका यादव, फुलेश्वरी, प्राची धीवर, गंगा सोनवानी, नरेश कुमार, शालिनी एवं पूजा मरकाम ने प्रतिभागी के रूप में सहभागिता की।
रंगोली प्रतियोगिता में कौशिल्या प्रथम, चंचल द्वितीय तथा पूनम टंडन तृतीय रहीं। किरण ने भी प्रतियोगिता में सहभागिता की। वहीं भाषण प्रतियोगिता में ममता मरकाम ने प्रथम, हिमल जायसवाल ने द्वितीय तथा नरेश कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। राधिका यादव, कामिनी साहू, खुशबू एवं कुसुम ने भाषण प्रतियोगिता में सहभागिता की।
प्रतियोगिताओं के आयोजन, संचालन एवं पर्यवेक्षण में रंगोली के लिए सुश्री सत्यवती, डॉ. निधि तिवारी एवं श्री अनिमेष गुप्ता, निबंध के लिए डॉ. श्रुतिदेव गवास्कर एवं श्री उदयन पटेल तथा भाषण प्रतियोगिता के लिए डॉ. देवेंद्र कुमार साहू एवं डॉ. मनोज कुमार पांडेय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. दीपशिखा शुक्ला के मार्गदर्शन में कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यालयीन स्टाफ प्रकाश, राहुल एवं दीपक ने आयोजन में सहयोग प्रदान किया। विद्यार्थियों में रामनिहोरा कश्यप, श्यामा साहू, मंजु, तरुण, योगिता, संस्कार कश्यप, गायत्री, अनिता, प्रभा एवं रजनी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों एवं महाविद्यालय परिवार ने विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति सजग रहने तथा मतदान के महत्व को जन-जन तक पहुँचाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का समापन इस संकल्प के साथ हुआ कि “जागरूक मतदाता ही सशक्त लोकतंत्र का निर्माण करता है।” उपस्थित सभी विद्यार्थियों ने मतदाता जागरूकता के संदेश को समाज तक पहुँचाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।


