कोरबा (समाचार मित्र) कोरबा जिले करतला विकासखण्ड अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत देवलापाठ के आश्रित ग्राम भलमढ़ा क्षेत्र में प्रतिबंध के बावजूद बड़े पैमाने पर अवैध रेत उत्खनन और परिवहन का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों के अनुसार नदी से ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के माध्यम से दिनदहाड़े रेत निकाली जा रही है। बड़ी संख्या में वाहन लगातार रेत ढोते दिखाई दे रहे हैं, जिससे अवैध कारोबार संगठित रूप से स्थानीय लोगों के द्वारा संचालित होने की आशंका जताई जा रही है। हैरानी की बात है कि पर्यारवण सुरक्षा एवं शासन प्रशासन के नियमों को देखते हुए पंचायत के जनप्रतिनिधियों द्वारा अवैध रेत उत्खनन रोकने के लिए निर्देश दिए गए है उसके बाद भी ग्रामीण नहीं मान रहे है और रोज बड़े पैमाने पर अवैध रेत उत्खनन कर रहे है। गौरतलब है कि जिला प्रशासन ने 9 जून से नदियों से रेत निकासी पर प्रतिबंध लगाया है। परंतु ग्रामीण इस बात को मानने को तैयार नहीं और प्रतिदिन अवैध रेत की धुलाई करने जांजगीर चांपा और कोरबा जिले से सैकड़ों की संख्या में ट्रैक्टर बुला रहे है।
कई ग्रामीणों का कहना है कि शासन-प्रशासन के स्पष्ट नियमों के बावजूद रेत का अवैध उत्खनन लगातार जारी है। आरोप है कि शिकायतों के बाद भी इस पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही, जिससे संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि खनिज विभाग अवैध उत्खनन को रोकने में अब तक सफल नहीं हो पाया है। यदि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो इससे राजस्व हानि के साथ-साथ पर्यावरण को भी गंभीर नुकसान हो सकता है।
प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर अवैध रेत उत्खनन और परिवहन में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की जरूरत है।

