कोरबा/जांजगीर (समाचार मित्र) सिवनी–सुखरीकला मार्ग के निर्माण का रास्ता साफ, 4.46 किमी सड़क के लिए 960.31 करोड़ की प्रशासनिक स्वीकृत
ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही मांग हुई पूरी, विधायक एवं नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत की अनुशंसा से मिली स्वीकृति
सिवनी। ग्राम सिवनी से सुखरीकला को जोड़ने वाले लंबे समय से जर्जर मार्ग के निर्माण का रास्ता अब साफ हो गया है। क्षेत्रीय विधायक एवं नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत की अनुशंसा पर इस सड़क के निर्माण कार्य के लिए 960.31 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है।
स्वीकृति के बाद सिवनी से सुखरीकला तक लगभग 4.46 किलोमीटर लंबाई के मार्ग का निर्माण किया जाएगा। इस मार्ग की स्थिति लंबे समय से खराब होने के कारण ग्रामीणों और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
ग्रामीणों द्वारा लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग की जा रही थी। ग्रामीणों की इस समस्या और मांग को प्रमुखता से ध्यान में रखते हुए सड़क निर्माण की स्वीकृति मिलने से क्षेत्रवासियों में राहत की उम्मीद जगी है।
आम लोगों को मिलेगी बड़ी राहत
सड़क का निर्माण पूरा होने के बाद आसपास के गांवों के आम नागरिकों, मरीजों, छात्रों, किसानों और राहगीरों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। खराब सड़क के कारण बरसात सहित अन्य मौसम में होने वाली परेशानियों से भी लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
नए मार्ग के निर्माण से क्षेत्र में आवागमन अधिक सुगम होने के साथ-साथ ग्रामीणों को आवश्यक सेवाओं, स्कूल, अस्पताल और बाजार तक पहुंचने में भी सुविधा मिलेगी।
ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से खस्ताहाल सड़क के कारण उन्हें काफी परेशानी उठानी पड़ रही थी। अब प्रशासनिक स्वीकृति मिलने के बाद सड़क निर्माण जल्द शुरू होने की उम्मीद है।


