छत्तीसगढ़/रायपुर (समाचार मित्र) छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर सहित पूरे प्रदेश में शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) की अनिवार्यता और पदोन्नति नियमों के विरोध में शिक्षकों का बड़ा आंदोलन चल रहा है। शिक्षक दिवस के अवसर पर अपनी विभिन्न मांगों को लेकर बड़ी संख्या में शिक्षक रायपुर मुख्यालय में धरने पर बैठे। शिक्षकों ने अपनी 5 सूत्रीय मांगों को लेकर शासन के खिलाफ आवाज बुलंद की। प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांगों में पदोन्नति भी शामिल रही।
धरने के बाद शिक्षकों ने अपनी मांगों को लेकर शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के आवास का घेराव करने की कोशिश की। हालांकि, मौके पर मौजूद पुलिस बल ने शिक्षकों को आगे बढ़ने से रोक दिया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारी शिक्षकों के बीच काफी देर तक गहमागहमी की स्थिति बनी रही।
शिक्षकों का कहना है कि लंबे समय से उनकी मांगों को लेकर शासन स्तर पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। विशेष रूप से पदोन्नति की प्रक्रिया को लेकर शिक्षकों में नाराजगी है। उनका कहना है कि पात्र शिक्षकों को समय पर पदोन्नति का लाभ मिलना चाहिए।
प्रदर्शनकारियों ने शासन से अपनी पांच सूत्रीय मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने की मांग की। शिक्षकों का कहना है कि यदि मांगों का जल्द निराकरण नहीं किया गया तो आंदोलन को आगे और व्यापक रूप दिया जा सकता है।
कांग्रेस भी कर रही अलग प्रदर्शन !
रायपुर मुख्यालय में शिक्षकों की कमी, भर्ती नहीं होने से नाराज़ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने भी धरने में बैठकर सरकार को घेरा है।
एक साथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं शिक्षक दिवस के दिन ही शिक्षकों का आंदोलन राजधानी में चर्चा का विषय बना रहा।


