बिलासपुर/कोटा (समाचार मित्र) शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोटा की कक्षा 10वीं की छात्रा सुमन केरकेट्टा ने 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में इतिहास रच दिया है। बलौदाबाजार में आयोजित प्रतियोगिता में सुमन ने कुराश खेल में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल जीतकर पूरे कोटा ब्लॉक और बिलासपुर जिले का नाम रोशन किया है।

इस जीत के साथ सुमन अब राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेगी।
विद्यालय में भव्य स्वागत
सुमन की इस उपलब्धि पर विद्यालय में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। शुभारंभ सरस्वती वंदना से हुआ और छात्राओं ने छत्तीसगढ़ी लोक नृत्य प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया। गोल्ड मेडलिस्ट सुमन का फूल-माला और ट्रॉफी से स्वागत किया गया।
समारोह में मुख्य रूप से एसडीएम कोटा सुश्री सीमा पोर्ते, तहसीलदार, बीईओ कोटा सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। एसएमसी अध्यक्ष सुलेश पांडेय, प्राचार्य आशा दत्ता, प्रभारी प्राचार्य अर्पणा लाल, कमल आहूजा, मोहन कोरी सहित विद्यालय परिवार उपस्थित रहा।
*एसडीएम ने कहा – बेटियों के लिए प्रेरणा है सुमन*
एसडीएम सुश्री सीमा पोर्ते ने कहा कि _”बेटियां आज हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। सुमन की यह सफलता अन्य छात्राओं के लिए प्रेरणा है। मेहनत और अनुशासन से ही बड़ी सफलता मिलती है।”_ खेल शिक्षक दीपक राजवाड़े ने कुराश खेल के बारे में जानकारी दी।
प्राचार्य आशा दत्ता ने कहा कि विद्यालय ऐसी प्रतिभाओं को हर स्तर पर प्रोत्साहित करता रहेगा। कार्यक्रम का संचालन डॉ. राम बाबू गुप्ता ने किया।



