कोरबा/करतला (समाचार मित्र) कोरबा जिले के करतला जनपद अंतर्गत एक ग्राम पंचायत में विकास कार्यों के लिए दिए जा रहे शासकीय मद के राशि का दुरुपयोग करने का मामला सामने आया है। जिले के करतला विकासखंड के ग्राम पंचायत दमखाचा में स्ट्रीट लाइट स्थापना और रखरखाव कार्य में कथित अनियमितताओं का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने बताया कि पंचायत द्वारा लाखों रुपये खर्च दिखाए गए हैं, लेकिन गांव के कई वार्डों में स्ट्रीट लाइटें लगाई ही नहीं गई।
ग्रामीणों के अनुसार पंचायत के रिकॉर्ड में दर्जनों स्ट्रीट लाइटों की खरीद और स्थापना दर्शाई गई है, जबकि जमीनी हकीकत इससे अलग है। कई स्थानों पर पोल तो लगे हैं, लेकिन उन पर लाइट नहीं है। कुछ जगहों पर लगी लाइटें लंबे समय से खराब पड़ी हैं, जिससे रात में लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने बताया कि कार्यों का भुगतान बिना उचित निरीक्षण के कर दिया गया। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
वहीं, पंचायत प्रतिनिधियों ने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा है कि सभी कार्य नियमों के अनुसार किए गए हैं। उनका कहना है कि गांव में सभी पोल पर स्ट्रीट लाइट लगा दिया गया है।
वही इस संबंध में ग्राम के सचिव से जानकारी लिया गया तो उनके द्वारा जिम्मेदारी पूर्वक बात करने के बजाय के अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए कहा गया कि कोई अधिकारी मेरा कुछ नहीं कर सकते सिर्फ निलंबित ही करेंगे।
वही ग्राम के उपसरपंच के द्वारा भी यह बताया गया कि सभी पोल में स्ट्रीट लाइट लगी है जबकि वास्तविकता ये है कि कुछ नग लाइट लगाकर लाखों रुपए की राशि आहरित कर ली गई। जब की इसकी जांच हो तो कई खुलासा हो सकते है। वहीं ग्रामीणों का आरोप हैं कि पंचायत सचिव शराब के नशे में पंचायत आता है।
वही अब देखना होगा कि मिलीभगत कर बिना कार्य कराए रकम निकालने वाले सरपंच सचिव पर प्रशासन क्या कार्यवाही करती है।

