कोरबा/बिलासपुर (समाचार मित्र) कटघोरा थाना क्षेत्र के मोहलाईनभाठा निवासी एक सर्राफा कारोबारी पर चोरी और झपटमारी से प्राप्त सोने के जेवर खरीदने का आरोप सामने आया है। रतनपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी गौतम पिता राजेन्द्र कुमार दुबे (35 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से करीब 67 ग्राम गला हुआ सोना बरामद किया गया है, जिसकी कीमत लगभग 7 तोला बताई जा रही है।
पोड़ी ब्लॉक के कोनकोना में थी सराफा दुकान
पुलिस के मुताबिक आरोपी गौतम दुबे पोड़ी उपरोड़ा ब्लॉक के ग्राम कोनकोना स्थित अपनी सराफा दुकान के माध्यम से चोरी व झपटमारी से प्राप्त सोने के जेवर खरीदता था। पूछताछ में आरोपी ने करीब 7 तोला चोरी का सोना खरीदकर उसे गलाने की बात स्वीकार की है।
बस में महिला से झपटी गई थी सोने की चेन
मामला रतनपुर थाना क्षेत्र में हुई सोने की चेन झपटमारी से सामने आया। बांकीमोंगरा निवासी भगवान राम प्रधान ने 11 अगस्त 2026 को रतनपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार 2 अगस्त को वह अपनी पत्नी गीता प्रधान के साथ बिलासपुर से बस के जरिए बांकीमोंगरा लौट रहे थे।
महामाया चौक बिलासपुर से कुछ महिलाएं बस में सवार हुईं। भीड़ के दौरान महिलाओं ने धक्का-मुक्की की। शनिचरी चौक रतनपुर के पास उनके उतरने के बाद जब बस खाली हुई और दंपत्ति को सीट मिली, तब गीता प्रधान ने देखा कि उनके गले में पहनी सोने की चेन गायब थी।
CCTV से खुला झपटमारी गिरोह का राज
शिकायत के बाद रतनपुर पुलिस ने CCTV फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। जांच में आरोपियों की पहचान बांगो थाना क्षेत्र के ग्राम कोनकोना निवासी लोगों के रूप में हुई।
पुलिस ने घेराबंदी कर 7 महिलाओं और 2 पुरुषों सहित कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने संगठित तरीके से झपटमारी की वारदातों को अंजाम देने की बात बताई। पुलिस के अनुसार चोरी के सोने को आगे बेचने की जानकारी भी पूछताछ में सामने आई।
67 ग्राम गला हुआ सोना बरामद
रतनपुर पुलिस ने आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर सराफा कारोबारी गौतम दुबे तक पहुंच बनाई। पुलिस के अनुसार पूछताछ में उसने चोरी की चैन और मंगलसूत्र सहित करीब 7 तोला सोना खरीदकर गलाने की बात स्वीकार की। आरोपी के कब्जे से 67 ग्राम गला हुआ सोना जब्त किया गया।
पुलिस ने आरोपी को कटघोरा से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पहले 9 आरोपी भेजे जा चुके हैं जेल

इस मामले में पुलिस ने पहले ही अंजली गिरी, लोहारिन बाई, सुनीता गिरी, रामबाई, प्रीति गिरी, शिवानी, देवी गिरी, नरेश गिरी और राम गिरी, सभी निवासी कोनकोना ठिहाईभाठा, थाना बांगो, जिला कोरबा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा था।
पुलिस के अनुसार झपटमारी से मिले माल को एक अन्य महिला सुरतनी गिरी, निवासी रामनगर थाना कुसमी, को 20 हजार रुपये में देने की बात भी पूछताछ में सामने आई थी। आरोपियों के कब्जे से 8 हजार रुपये बरामद किए गए थे।
रतनपुर पुलिस की इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय और प्रधान आरक्षक बलदेव सिंह की विशेष भूमिका बताई गई है। मामले में चोरी के माल की खरीद-फरोख्त से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

