पंचायत भवन नहीं खुलने से ग्रामीण परेशान, सचिव मुख्यालय से नदारत ।
राशन कार्ड, पेंशन और जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए भटक रहे ग्रामीण, सरपंच भी नहीं दे रहे ध्यान !
कोरबा/करतला (समाचार मित्र) ग्राम पंचायत में पंचायत सचिव के नियमित रूप से मुख्यालय में उपस्थित नहीं रहने और पंचायत भवन के समय पर नहीं खुलने की शिकायतें सामने आ रही हैं। पंचायत भवन बंद मिलने के कारण ग्रामीणों को अपने जरूरी शासकीय कार्यों के लिए बार-बार पंचायत कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
ग्रामीणों के अनुसार राशन कार्ड, पेंशन, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं से जुड़े कार्य पंचायत स्तर पर ही किए जाते हैं, लेकिन पंचायत भवन नहीं खुलने और सचिव के उपलब्ध नहीं रहने से उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई ग्रामीणों को एक छोटे से काम के लिए कई बार पंचायत कार्यालय आना पड़ रहा है।
मामला कोरबा जिले अंतर्गत करतला जनपद क्षेत्र के ग्राम पंचायत जरवे का है !
ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम पंचायत जरवे सचिव शोभित राठिया के मुख्यालय से नदारद रहने के कारण पंचायत के कामकाज पर भी असर पड़ रहा है। वहीं, पंचायत के निर्वाचित प्रतिनिधियों से भी ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान की अपेक्षा है, लेकिन सरपंच द्वारा भी इस ओर अपेक्षित ध्यान नहीं दिए जाने की बात ग्रामीणों ने कही है।
ग्रामीणों ने की जांच और नियमित उपस्थिति की मांग
ग्रामीणों ने संबंधित जनपद पंचायत एवं प्रशासनिक अधिकारियों से मामले की जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि पंचायत भवन निर्धारित समय पर नियमित रूप से खुले और सचिव की मुख्यालय में उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, ताकि ग्रामीणों को राशन कार्ड, पेंशन, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र सहित अन्य जरूरी कार्यों के लिए परेशान न होना पड़े।
ग्रामीणों का आरोप है कि लापरवाह पंचायत सचिव शोभित राठिया प्रतिदिन मुख्यालय नहीं आते और न ही पंचायत का कोई कार्य करते है जिसके चलते उन्हें कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।


