जांजगीर-चांपा (समाचार मित्र) समाचार मित्र के एक और खबर का बड़ा असर हुआ है। नशे में स्कूल पहुंचने के वायरल वीडियो मामले में शिक्षक को निलंबित कर दिया गया है। जिले के बलौदा विकासखंड के नवीन प्राथमिक शाला संजय नगर परसदा में पदस्थ शिक्षक ललित भारद्वाज के कथित रूप से नशे की हालत में स्कूल में मौजूद रहने का वीडियो वायरल होने के मामले में शिक्षा विभाग ने कार्रवाई की है। समाचार मित्र के संवाददाता राम नगारची ने इस मामले को प्रमुखता से उठाया था, जिसके बाद विभाग ने मामले को संज्ञान में लेते हुए शिक्षक ललित भारद्वाज को निलंबित कर दिया है। जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी आदेश के बाद शिक्षा विभाग की कार्रवाई सामने आई है।
बलौदा विकासखंड के नवीन प्राथमिक शाला संजय नगर परसदा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में पदस्थ शिक्षक ललित भारद्वाज के कथित रूप से शराब के नशे में स्कूल में मौजूद होने का दावा किया जा रहा था। मामला सामने आने के बाद ग्रामीणों ने नाराजगी जताते हुए शिक्षा विभाग से जांच और कार्रवाई की मांग की थी।
इस पूरे मामले को संवाददाता राम नगारची ने प्रमुखता से सामने लाया था। खबर प्रसारित होने के बाद शिक्षा विभाग ने मामले को संज्ञान में लिया और जांच के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने शिक्षक ललित भारद्वाज को निलंबित कर दिया।

शिक्षक के निलंबन की कार्रवाई के बाद अब स्कूल में शिक्षा व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों की शिकायतों पर विभाग की नजर बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय बच्चों के भविष्य निर्माण का स्थान है, इसलिए शिक्षकों की जिम्मेदारी और अनुशासन को लेकर विभाग को सख्ती बरतनी चाहिए।
गौरतलब है कि जांजगीर-चांपा जिले में शिक्षा विभाग से जुड़े विभिन्न मामलों को लेकर समय-समय पर शिकायतें और वीडियो सामने आते रहे हैं। ऐसे में इस मामले में विभाग द्वारा की गई कार्रवाई को प्रशासनिक स्तर पर उठाया गया कदम माना जा रहा है।l


