कोरबा (SAMACHAR MITRA ) जिले के बालको थाना क्षेत्र में एक शादीशुदा महिला से शादी का झांसा देकर दुष्कर्म और प्रताड़ना करने का मामला सामने आया है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी आसिफ खान को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस को दी गई शिकायत में महिला ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने उसकी शादीशुदा जिंदगी में दखल दिया और उससे शादी करने का भरोसा दिलाकर संबंध बनाए। शिकायत के अनुसार आरोपी के कारण महिला की वैवाहिक जिंदगी भी प्रभावित हुई और वह अपने पति से अलग हो गई। इसके बाद भी आरोपी कथित रूप से उसे शादी का आश्वासन देता रहा।
महिला ने आरोपी पर प्रताड़ित करने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। शिकायत मिलने के बाद बालको थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, मारपीट तथा धमकी सहित संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
मामले की जानकारी देते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटेल ने आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। पुलिस की ओर से मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
मामला शिकायत और पुलिस कार्रवाई पर आधारित है। आरोपों की अंतिम पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के बाद होगी।


