कोरबा (समाचार मित्र) निर्माण कार्य में कथित तौर पर घटिया ईंटों के इस्तेमाल और पर्याप्त पानी तराई नहीं किए जाने की बात सामने आ रही है। कोरबा जिला अंतर्गत पाली विकासखंड के ग्राम पंचायत सिरली में DMF मद से निर्माणाधीन भवन की गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। भवन का निर्माण पूरा होने से पहले ही दीवारों में दरारें दिखाई देने लगी हैं, जबकि कई स्थानों पर कॉलम एवं सज्जा की सरिया भी खुली नजर आ रही है। निर्माण की मौजूदा स्थिति ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। ग्रामीणों का कहना है कि विकास कार्यों में गुणवत्ता और मजबूती सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए, क्योंकि सार्वजनिक राशि से तैयार होने वाले भवन का उपयोग लंबे समय तक होना है।
पूर्व सरपंच सेवक राम मरावी ने जताई गंभीर चिंता
ग्राम पंचायत सिरली के पूर्व सरपंच सेवक राम मरावी ने भवन निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर चिंता जताते हुए कहा कि पंचायत क्षेत्र में चल रहे अधूरे एवं निर्माणाधीन विकास कार्यों की स्थिति की भी समीक्षा आवश्यक है। उन्होंने कोरबा कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में यदि कहीं भी नियमों अथवा गुणवत्ता मानकों की अनदेखी हुई है तो उसकी जांच कर जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए। अब ग्रामीणों की नजर प्रशासनिक जांच और आगे की कार्रवाई पर टिकी है।


