कोरबा/करतला (समाचार मित्र) शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नवापारा (चैनपुर), विकासखंड करतला में स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रोडक्ट मैनेजर सुयश जगीतानाथ हिमधर ने छात्र-छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि “अच्छा सोचो, अच्छा करो और अच्छा बनो।”

छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए सुयश हिमधर ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि ग्रामीण परिवेश से आगे बढ़कर उच्च शिक्षा के लिए उन्हें जवाहर नवोदय विद्यालय, एनआईटी तथा आईआईएम जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अध्ययन करने का अवसर मिला। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि मेहनत, सकारात्मक सोच और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने पर जीवन में सफलता अवश्य प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी अपने लक्ष्य को निर्धारित करें, निरंतर प्रयास करें ए आई का उपयोग करें और ऐसा कार्य करें जिससे उनके माता-पिता एवं विद्यालय का नाम रोशन हो।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विद्यालय के प्राचार्य डॉ. जगन्नाथ हिमधर ने विद्यार्थियों को जीवन में “जहां चाह है, वहां राह है” के सिद्धांत को अपनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वच्छ विचार और सकारात्मक सोच भी जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं।
इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने भाषण, गीत एवं कविता के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में वरिष्ठ व्याख्याता टी.आर. लाठिया, पवन सिंह कंवर, श्रीमती सेवती पटेल, श्रीमती प्रतिभा कहरा, श्रीमती दामिनी कुम्भकार एवं जय सूरज साहू ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए स्वच्छता, अनुशासन, शिक्षा एवं लक्ष्य के प्रति समर्पण का महत्व बताया।


