कोरबा (समाचार मित्र) छत्तीसगढ़ की राजनीति में पाली क्षेत्र से कांग्रेस के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। जनपद पंचायत पाली के सभापति और क्षेत्र क्रमांक 06 से जनपद सदस्य कमलेश कुमार कुर्रे ने एक बार फिर कांग्रेस का दामन थाम लिया है। उनकी यह घर वापसी राजधानी रायपुर में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्यालय में संपन्न हुई। यह मिलन समारोह छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में आयोजित किया गया। पीसीसी चीफ दीपक बैज ने कमलेश कुर्रे को कांग्रेस का गमछा पहनाकर पार्टी में उनका विधिवत स्वागत किया और उन्हें पुनः कांग्रेस परिवार से जुड़ने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस महत्वपूर्ण अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष अनुसूचित जाति कांग्रेस राजकुमार अंचल और वरिष्ठ कांग्रेस नेता मुकेश कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे। दिग्गज नेताओं की मौजूदगी में हुई इस घर वापसी को पाली क्षेत्र की राजनीति में एक अहम और निर्णायक कदम माना जा रहा है।
कांग्रेस को पाली में मिलेगी नई ऊर्जा
कमलेश कुमार कुर्रे पाली क्षेत्र क्रमांक 6 से एक सक्रिय और जमीनी जनप्रतिनिधि के रूप में पहचाने जाते हैं। वर्तमान में वे जनपद पंचायत के सभापति जैसे महत्वपूर्ण और जिम्मेदारी भरे पद पर हैं। क्षेत्र के विकास कार्यों में उनकी सक्रिय भूमिका और जनता के बीच उनकी मजबूत पकड़ किसी से छिपी नहीं है। उनकी कांग्रेस में वापसी से स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। कार्यकर्ताओं का मानना है कि कुर्रे के अनुभव और जनाधार का सीधा लाभ आने वाले त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव और भविष्य की राजनीतिक गतिविधियों में कांग्रेस पार्टी को मिलेगा। उनकी वापसी से पाली क्षेत्र में पार्टी संगठन को एक नई ऊर्जा और मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। इस दौरान पीसीसी चीफ दीपक बैज ने कहा कि कमलेश कुर्रे जैसे कर्मठ और जमीनी कार्यकर्ता की वापसी से पार्टी और मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा अपने पुराने साथियों का सम्मान करती है। वहीं पार्टी नेताओं ने इस अवसर पर कहा कि कुर्रे की वापसी यह दर्शाती है कि कांग्रेस की विचारधारा, राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के संदेश और भूपेश बघेल सरकार के समय किए गए जनहितैषी कार्यों पर लोगों का अटूट विश्वास आज भी कायम है। जो लोग किसी कारणवश पार्टी से दूर चले गए थे, वे अब फिर से कांग्रेस परिवार में लौट रहे हैं।कमलेश कुर्रे ने कांग्रेस में वापसी पर पीसीसी चीफ दीपक बैज और शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस ही एक ऐसी पार्टी है जो गरीब, किसान, आदिवासी और दलित वर्ग के हितों की सच्ची हितैषी है। वे पूरी निष्ठा के साथ पार्टी संगठन को मजबूत करने के लिए काम करेंगे।


