सरगुजा/सीतापुर (समाचार मित्र) : शासकीय श्यामा प्रसाद मुखर्जी महाविद्यालय, सीतापुर के कैरियर मार्गदर्शन एवं प्लेसमेंट प्रकोष्ठ द्वारा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक दिवसीय कैरियर एवं प्लेसमेंट सेमीनार का सफल आयोजन किया गया।
यह कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुशील कुमार टोप्पो के मार्गदर्शन तथा कैरियर मार्गदर्शन एवं प्लेसमेंट प्रकोष्ठ के संयोजक डॉ. प्रवीण कुमार साहू के संयोजन में आयोजित हुआ। सेमीनार में महाविद्यालय के बी.ए., बी.एससी., बी.कॉम., एम.ए., एम.एससी. एवं एम.कॉम. के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
सेमीनार के दौरान भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) में उपलब्ध विभिन्न पदों, भर्ती प्रक्रियाओं और रोजगार के अवसरों पर श्री सुभाष नागले, ब्रांच मैनेजर LIC ऑफिस सीतापुर के द्वारा विस्तार से जानकारी प्रदान की गई। श्री नागले ने बताया कि भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) में युवाओं के लिए स्नातक स्तर पर तीन प्रमुख श्रेणियों—सहायक (Assistant), विकास अधिकारी (ADO) और सहायक प्रशासनिक अधिकारी (AAO)—के तहत राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा से सीधी भर्तियाँ की जाती हैं। लिपिकीय कैडर के असिस्टेंट पद का चयन प्रारंभिक व मुख्य परीक्षा के जरिए शाखा संचालन और ग्राहक सेवा हेतु होता है, जबकि विपणन-आधारित ADO पद पर प्रारंभिक, मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार के माध्यम से चयन कर अधिकारियों को बीमा एजेंटों के नेटवर्क प्रबंधन व बिक्री लक्ष्य की जिम्मेदारी दी जाती है; वहीं क्लास-1 अधिकारी वर्ग के प्रतिष्ठित AAO पद (सामान्य व IT/CA जैसे विशेषज्ञ क्षेत्र) हेतु तीन कड़े चरणों—प्रारंभिक, वर्णनात्मक प्रश्नों वाली मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार—के माध्यम से चयन कर नीति निर्धारण, दावा निपटान व वित्तीय पर्यवेक्षण का कार्य सौंपा जाता है, जिसके लिए इच्छुक उम्मीदवार अधिसूचना जारी होने पर एलआईसी की आधिकारिक वेबसाइट (licindia.in) से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
इसके साथ ही विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ एलआईसी अभिकर्ता (LIC Agent) के रूप में कार्य करने और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के अवसरों की विस्तृत जानकारी दी गई। बताया गया कि 17 अंकों के साथ परीक्षा उत्तीर्ण कर विद्यार्थी एजेंट बन सकते हैं, जहाँ उन्हें 2% से 20% तक का कमीशन प्राप्त होता है।
विशेष रूप से छात्राओं के लिए ‘बीमा सखी’ योजना की जानकारी दी गई । इस योजना के तहत 10वीं पास और 18 से 70 वर्ष की आयु वर्ग की पात्र महिलाओं को संरचित प्रशिक्षण के साथ-साथ मासिक वजीफा (स्टाइपेंड) भी प्रदान किया जा रहा है, जिसमें पहले वर्ष ₹7,000 प्रति माह तथा तीसरे वर्ष तक ₹5,000 प्रति माह की निश्चित सहायता के साथ-साथ पॉलिसी बिक्री पर मिलने वाला कमीशन भी शामिल है।
वहीं छात्रों के लिए ‘ग्रामीण करियर एजेंट’ (Rural Career Agent) योजना की जानकारी दी गई।भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) ने अपनी रूरल करियर एजेंट (RCA) योजना के तहत विशेष भर्ती अभियान शुरू किया है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य देश के दूरदराज और ग्रामीण इलाकों में बीमा सेवाओं की पहुँच का विस्तार करना और स्थानीय युवाओं को आत्मनिर्भर स्वरोजगार के अवसर प्रदान करना है। ग्रामीण क्षेत्र के 18 से 35 वर्ष के 10वीं पास युवाओं के लिए डिज़ाइन की गई इस योजना के अंतर्गत चुने गए अभ्यर्थियों को LIC शाखा कार्यालयों द्वारा पेशेवर वित्तीय परामर्श का प्रशिक्षण दिया जाएगा। शुरुआत के दो वर्षों में वित्तीय स्थिरता प्रदान करने के उद्देश्य से, LIC द्वारा निर्धारित लक्ष्य पूरे करने पर एजेंटों को मिलने वाले बिक्री कमीशन के अतिरिक्त पहले वर्ष ₹5,000 प्रति माह और दूसरे वर्ष ₹4,000 प्रति माह का निश्चित वजीफा (स्टाइपेंड) दिया जाता है।
कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य महोदय डॉ. सुशील कुमार टोप्पो द्वारा विद्यार्थियों की सुविधा हेतु महाविद्यालय परिसर में ही एलआईसी एजेंट परीक्षा आयोजित कराने का सुझाव दिया गया, ताकि अधिक से अधिक छात्र-छात्राएं इसका लाभ उठा सकें। उपस्थित विद्यार्थियों ने अपने सवाल भी पूछें, जिनका विशेषज्ञों द्वारा समाधान किया गया ।सेमीनार के अंत में श्री धीरज कुमार मिश्रा, क्रीड़ाधिकारी ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए विद्यार्थियों को समय प्रबंधन और मेहनत के साथ अपने करियर के लक्ष्य प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।
इस सेमिनार में बीमा सलाहकार श्री नोहर साय तिर्की, महाविद्यालय के ग्रंथपाल श्री राम किशुन टाइगर, सहायक प्राध्यापक डॉ. रोहित कुमार बारगाह, श्री सुनील नाग एवं श्री आदेश गुप्ता, अतिथि प्राध्यापक श्री अमर सिंह ठाकुर, स्व वित्तीय शिक्षक श्रीमती कविता एवं रिजवाना तथा एम. एससी. गणित की छात्राएं कु. सुनीता एवं कु. रेशमा गुप्ता विशेष रूप से उपस्थित रहे।


