कोरबा (समाचार मित्र) ग्रामीण अंचल के विद्यालयों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में ग्राम पंचायत भलपहरी ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। माध्यमिक विद्यालय परिसर में अध्ययनरत बालिकाओं की सुविधा, स्वच्छता और सुरक्षित वातावरण को ध्यान में रखते हुए बालिका शौचालय निर्माण कार्य का विधिवत भूमिपूजन 2 सितंबर को संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला पंचायत कोरबा उपाध्यक्ष प्रतिनिधि मुकेश जायसवाल एवं विशिष्ट अतिथि जनपद पंचायत पाली सदस्य भुनेश्वर सिंह उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि विद्यालय में बालिकाओं के लिए बेहतर स्वच्छता सुविधाएं उपलब्ध होना केवल निर्माण कार्य नहीं, बल्कि उनके सम्मान और शिक्षा के अनुकूल वातावरण से जुड़ा विषय है। भूमिपूजन अवसर पर सरपंच सावित्री कामता प्रसाद मरावी, उपसरपंच प्रहलाद राठौर, SMDC उपाध्यक्ष ताराचंद कश्यप सहित संतोष राठौर, शिवरतन राठौर, देवनारायण राठौर, शत्रुघ्न कश्यप, श्याम सिंह, रामप्रताप राठौर, वीरेंद्र राठौर, महेंद्र राठौर, दुर्गा प्रसाद राठौर, भूपेंद्र तिवारी, दयानंद तिवारी, प्रधान पाठक बिसराम पंत, विजय लहरें, विद्यालय परिवार, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद रहे। इस पहल से विद्यालय में बालिकाओं को स्वच्छ एवं सुरक्षित शौचालय की सुविधा मिलेगी, जिससे उनके लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार होने की उम्मीद है। ग्रामीणों ने पहल की सराहना करते हुए इसे बालिकाओं के सम्मान और सशक्त भविष्य की दिशा में सकारात्मक कदम बताया।

