जांजगीर चांपा (समाचार मित्र) धार्मिक नगरी शिवरीनारायण में नरधा राज कमलवंशी कंवर समाज द्वारा भगवान श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर 4 सितंबर को शाम 4 बजे कंवर धर्मशाला से भगवान श्रीकृष्ण की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। भगवान श्रीकृष्ण को आकर्षक रथ पर विराजमान कर भजन-कीर्तन, डीजे और कलश यात्रा के साथ समाज की महिलाओं, बच्चों, युवाओं, पुरुषों एवं बुजुर्गों ने उत्साहपूर्वक नगर भ्रमण किया।
विशाल शोभायात्रा, और भजन-कीर्तन से गूंजा शिवरीनारायण
शोभायात्रा कंवर धर्मशाला से प्रारंभ होकर श्रीराम वन गमन परिपथ, साव घाट, बावा घाट, रामघाट, मेला ग्राउंड, बॉम्बे मार्केट, केरा चौक होते हुए पुनः कंवर धर्मशाला पहुंची। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना एवं स्वागत किया गया।
राधा-कृष्ण मंदिर को फूलों से सजाया गया
श्री राधा-कृष्ण मंदिर में भगवान लड्डू गोपाल को झूले में विराजमान कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। मंदिर को आकर्षक फूलों से सजाया गया था। समाज के लोगों ने पारंपरिक सामाजिक वेशभूषा में शामिल होकर अपनी सांस्कृतिक एवं आदिवासी परंपराओं की झलक प्रस्तुत की।
कार्यक्रम में बिलाईगढ़ विधायक कविता प्राण लहरे, पामगढ़ विधायक शेषराज हरवंश, समाजसेवी प्रकाश बंसल, कृष्ण पिंटू भट्ट एवं कांग्रेस नेता संदीप अग्रवाल सहित सामाजिक एवं नगर के गणमान्य नागरिक शामिल हुए।
बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक दिखा उत्साह
श्रीकृष्ण जन्मोत्सव को लेकर समाज के बच्चों, महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों में विशेष उत्साह देखने को मिला। डीजे की धुन पर “जय कन्हैया लाल की”, “श्री राधे-गोविंद” और “जय श्री कृष्ण” के जयकारों से पूरा नगर भक्तिमय हो गया। कार्यक्रम के दौरान समाज के होनहार विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही भजन-कीर्तन एवं रामायण समाज का आयोजन रातभर चलता रहा। समाज एवं नगरवासियों द्वारा श्रद्धालुओं के लिए भंडारे की व्यवस्था भी की गई।
आदिवासी परंपरा को मिली नई पहचान
कंवर समाज द्वारा भगवान श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का आयोजन प्रतिवर्ष समाज के सहयोग से किया जाता है। श्री राधा-कृष्ण मंदिर की स्थापना के बाद इस आयोजन को लेकर समाज के लोगों में विशेष उत्साह रहता है। विशाल शोभायात्रा और धार्मिक कार्यक्रम के माध्यम से समाज ने अपनी सामाजिक, सांस्कृतिक एवं आदिवासी परंपराओं को नई पहचान देने का संदेश दिया।शिवरीनारायण नगर में जन्माष्टमी के अवसर पर चारों ओर कृष्ण भक्ति का माहौल रहा। विभिन्न विद्यालयों में भी बच्चों ने राधा-कृष्ण का रूप धारण कर मटकी फोड़ कार्यक्रम सहित अनेक धार्मिक आयोजन किए। पूरे नगर में भगवान श्रीकृष्ण के जयकारे गूंजते रहे।

