कोरबा (समाचार मित्र) जापान के आइची-नागोया में आयोजित एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ईरान को 37-34 से पराजित कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस ऐतिहासिक सफलता में छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के पाली-तानाखार क्षेत्र के ग्राम केराकछार की बेटी संजू देवी यादव भी भारतीय टीम की सदस्य के रूप में शामिल रहीं।
संजू देवी की इस उपलब्धि से कोरबा जिले सहित पूरे छत्तीसगढ़ में खुशी का माहौल है। ग्रामीण अंचल से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करते हुए स्वर्ण पदक जीतना क्षेत्र के लिए गौरव की बात है।
संजू देवी की शानदार उपलब्धि पर कोरबा सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत ने उन्हें तथा पूरी भारतीय महिला कबड्डी टीम को बधाई और शुभकामनाएं दीं। सांसद ने कहा कि ग्रामीण अंचल की बेटी ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश के साथ-साथ छत्तीसगढ़ और कोरबा जिले का नाम रोशन किया है। संजू की सफलता क्षेत्र की बेटियों और युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक है।
सांसद ज्योत्सना महंत ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री और खेल मंत्री से संजू देवी यादव को उनकी योग्यता एवं उपलब्धि के अनुरूप सरकारी नौकरी प्रदान करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश के लिए पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को प्रोत्साहन और सम्मान मिलना चाहिए, ताकि प्रदेश के अन्य युवा भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित हों।
सांसद ने संजू देवी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें हर संभव सहयोग एवं प्रोत्साहन का भरोसा दिलाया।


