कोरबा (समाचार मित्र) लगातार हो रही बारिश के बीच बिजली और पेयजल दोनों संकट ने ग्रामीणों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। पाली विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत उतरदा के मोहल्ला रेलडबरी स्थित रामसागर पारा चौक में पिछले तीन रातों से करीब 60 घंटे से बिजली गुल होने के कारण 50 से अधिक घरों के लोग भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि खराब ट्रांसफार्मर के कारण क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति बाधित है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान करने के बजाय बिजली विभाग के अधिकारी लगातार “आज होगा, कल होगा” कहकर ग्रामीणों को आश्वासन दे रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जब बिजली बिल वसूलने की बारी आती है तो विभाग तत्पर नजर आता है, लेकिन खराब ट्रांसफार्मर बदलने और आपूर्ति बहाल करने के मामले में तारीख पर तारीख दी जा रही है। बिजली नहीं होने से घरों में पानी की व्यवस्था प्रभावित है। बच्चों की पढ़ाई, मोबाइल चार्जिंग, घरेलू कामकाज और रोजमर्रा की जिंदगी पूरी तरह प्रभावित हो गई है। ग्रामीणों का सवाल है कि बिल वसूली में तत्पर विभाग सेवा देने में इतना सुस्त क्यों? ग्रामीणों ने जल्द से जल्द ट्रांसफार्मर बदलकर विद्युत आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। अब देखना होगा कि विभागीय अधिकारी ग्रामीणों की इस गंभीर समस्या को कब तक दूर करते हैं।

