कोरबा (समाचार मित्र) एक तरफ जहां पूरा देश स्वतंत्रता दिवस समारोह के जश्न में डूबा हुआ था वहीं कुछ बदमाश आज़ादी के दिन भी अपराध को करने से नहीं बच रहे है। स्वतंत्रता दिवस की सुबह कोरबा क्षेत्र में हथियारबंद बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया। इंडियन आयल कारपोरेशन के गेट के सामने बदमाशों ने LPG गैस सिलिंडर से लदे ट्रक को रोककर सात भरे हुए गैस सिलेंडर लूट लिए।

वारदात सुबह करीब चार बजे की बताई जा रही है।
चार से पांच नकाबपोश बदमाश बिना नंबर प्लेट वाली स्कार्पियो दर्री थाना क्षेत्र पहुंचे थे और ट्रक चालक को बंदूक दिखाकर धमकाने के बाद LPG सिलिंडर लेकर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि इंडियन आयल कारपोरेशन से गैस सिलिंडर लेकर एक ट्रक बिरला की ओर जा रहा था। इसी दौरान स्कार्पियो सवार बदमाशों ने ट्रक को रुकवाया।
सभी बदमाशों ने चेहरे कपड़े से ढंक रखे थे। चालक जयपाल दास ने बताया कि सुबह करीब चार बजे के बीच वह लोडेड ट्रक के पास पहुंचा तो कुछ लोगों को ट्रक से सिलिंडर निकालते देखा। इसी दौरान एक बदमाश ने उसकी कनपटी पर छोटी बंदूक तान दी और जान से मारने की धमकी दी।
उसके पास तलवारनुमा हथियार भी था। चालक ने बताया कि घटना के दौरान गोली चलने जैसी आवाज भी सुनाई दी। बदमाशों को हथियारों से लैस देखकर चालक डर गया और वहां से अपने साथियों को घटना की जानकारी देने चला गया।
कुछ देर बाद वापस लौटने पर ट्रक से सात भरे हुए गैस सिलिंडर गायब मिले। बदमाश सिलिंडर स्कार्पियो में लादकर फरार हो चुके थे। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस बदमाशों की पहचान और उनकी तलाश के लिए आसपास के क्षेत्र में जांच कर रही है।














































































































































