कोरबा (समाचार मित्र) मिनीमाता हसदेव बांगो बांध में छलांग लगाने वाला युवक की पहचान हुई है। युवक 24 वर्षीय रंजीत यादव है जो पाली क्षेत्र के चैतमा गोपालपुर निवासी बताया जा रहा है। रंजीत रविवार को तीन दोस्तों के साथ बांध घूमने पहुंचा था। इसी दौरान चारों के बीच पानी में छलांग लगाकर आगे निकलने की शर्त लगी। रंजीत ने गेट के समीप से जलधारा में छलांग लगा दी। उसका तैरते हुए वीडियो भी सामने आया, लेकिन इसके बाद कोई जानकारी नहीं मिली।
एनडीआरएफ की टीम और गोताखोरों की मदद से तलाश
जिला नगर सेना की रेस्क्यू टीम लगातार तलाश में जुटी है। प्रशासन ने अभियान को तेज करने एनडीआरएफ की टीम बुलवाई है। आधुनिक नाव और गोताखोरों की मदद से बांध क्षेत्र खंगाला जा रहा है।
उधर, भारी बारिश के कारण बांध का जलस्तर 94 प्रतिशत पहुंच गया है। नौ गेट खोलकर 41,000 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। हसदेव नदी के तटीय गांवों में अलर्ट जारी किया गया है। कोरबा के सीतामढ़ी में कई मकानों में पानी घुसने से लोग सुरक्षित स्थानों पर चले गए हैं।
तेज बहाव से चुनौती, परिवार की बढ़ी चिंता
रंजीत के लापता होने के बाद बांध के आसपास लगातार खोजबीन की जा रही है। जिला नगर सेना के गोताखोर जलाशय के संभावित स्थानों को खंगाल रहे हैं। तेज बहाव के बीच तलाश करना चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। सोमवार को अभियान का दायरा बढ़ाते हुए अलग-अलग हिस्सों में नाव से निगरानी की गई। अब एनडीआरएफ की टीम की मदद से खोज अभियान को और व्यापक किए जाने की तैयारी है।
बताया गया है कि रंजीत दोस्तों के साथ बांध घूमने आया था। इसी दौरान लगी शर्त के बाद उसने पानी में छलांग लगाई। कुछ देर तक वह तैरता नजर आया, जिसका वीडियो भी सामने आया है। इसके बाद तेज बहाव में उसकी स्थिति का पता नहीं चल सका। घटना के बाद से परिवार के लोग बांध क्षेत्र में मौजूद हैं। युवक की कोई जानकारी नहीं मिलने से उनकी चिंता लगातार बढ़ती जा रही है।














































































































































