कोरबा (समाचार मित्र) क्षेत्र में हर वर्ष बरसात के मौसम से पहले नोनबिर्रा से रामपुर मार्ग के बीच स्थित ग्राम घिनारा नाला पर पुल निर्माण की मांग तेज हो जाती है, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हो सकी है। पुल नहीं होने के कारण बरसात के दिनों में ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। प्रत्येक वर्ष बारिश शुरू होते ही घिनारा नाला उफान पर आ जाता है, जिससे नोनबिर्रा, रामपुर सहित आसपास के कई गांवों का संपर्क घंटों और कई बार दिनों तक कट जाता है। स्कूली बच्चों, मरीजों और किसानों को सबसे ज्यादा दिक्कत होती है। इस मार्ग से यात्रियों का आवागमन की बंद हो जाता है। ग्रामीणों को जान जोखिम में डालकर पानी के बीच से आवागमन करना पड़ता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्षों से जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से पुल निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन ही मिलता है। बरसात के दौरान कई बार दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं, बावजूद इसके प्रशासन की ओर से स्थायी समाधान नहीं निकाला गया। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द पुल निर्माण की स्वीकृति नहीं मिली तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। लोगों का कहना है कि एक पुल बनने से क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों को राहत मिलेगी और आवागमन सुगम हो सकेगा। बरसात के मौसम में पुल और संपर्क मार्गों की समस्या से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन प्रभावित होने की घटनाएं लगातार सामने आती रही हैं।
क्या रामपुर विधायक फूलसिंह राठिया लेंगे संज्ञान !
स्थानीय लोगों का मानना है कि इस गांव के पास रामपुर विधायक फूलसिंह राठिया का गृहग्राम है जो केरवाद्वारी है। उनका मानना हैं कि लंबे समय से मौजूद यह समस्या उनके संज्ञान में है। लोगों का विश्वास है कि जल्द ही क्षेत्रीय विधायक इस ओर ध्यान देंगे।

