कोरबा (समाचार मित्र) नशे में घुत होकर गाड़ी चलाने वाले कुछ युवकों ने जमकर बवाल काटा है जिससे कई बड़े हादसे होते होते बचे है। कोरबा जिले में दिन शुक्रवार को कुसमुंडा एसईसीएल कॉलोनी में नशे में धुत दो फोर व्हीलर चालकों की रेसिंग के दौरान बड़ा हादसा होते-होते बचा। ओवरटेक के चक्कर में एक तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नाली पार करते हुए शिव मंदिर की बाउंड्री वॉल में जा घुसी। हादसे में बाउंड्री वॉल क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि चालक बाल-बाल बच गया।
जानकारी के अनुसार कुसमुंडा कॉलोनी में गुरुवार देर शाम दो फोर व्हीलर चालक नशे में धुत होकर रेसिंग कर रहे थे। दोनों वाहन तेज रफ्तार में एक-दूसरे को ओवरटेक करने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान एक बोलेरो का चालक नियंत्रण खो बैठा और वाहन सीधे शिव मंदिर की बाउंड्री वॉल से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दीवार का एक हिस्सा टूट गया।
गनीमत रही कि इस दौरान मंदिर के आसपास कोई मौजूद नहीं था, नहीं तो बड़ी जनहानि हो सकती थी। रेसिंग के दौरान सड़क पर चल रहे राहगीर भी बाल-बाल बचे। हादसे के बाद एक वाहन चालक अपना वाहन लेकर फरार हो गया, जबकि बोलेरो चालक मौके पर ही नशे की हालत में पड़ा रहा। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के बाद भी चालक नशे में धुत था और ठीक से खड़ा भी नहीं हो पा रहा था।
घटना के बाद मौके पर राहगीरों और कॉलोनीवासियों की भीड़ लग गई। कॉलोनी के लोगों ने बताया कि यह कोई पहली घटना नहीं है। अक्सर कॉलोनी के अंदर युवक बाइक और फोर व्हीलर पर स्टंट करते और उत्पाद मचाते नजर आते हैं। कई बार इस तरह की लापरवाही से हादसे भी हो चुके हैं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं होती।
लोगों का कहना है कि शाम होते ही नशेड़ी युवकों का जमावड़ा लगता है और तेज रफ्तार में वाहन चलाकर लोगों की जान जोखिम में डालते हैं। आज तो गनीमत रही कि बड़ा हादसा टल गया, लेकिन अगर समय रहते लगाम नहीं लगी तो किसी दिन बड़ी घटना घट सकती है।
सूचना मिलते ही कुसमुंडा थाना पुलिस को अवगत कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार वाहन चालक की तलाश की जा रही है।


