कोरबा (समाचार मित्र) जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। कोरबा जिले के कोरबा विकासखण्ड अंतर्गत ग्राम करमदी के उप स्वास्थ्य केंद्र कार्यालयीन समय पर ताला लटका मिला, जबकि ड्यूटी समय में कोई भी स्वास्थ्य कर्मचारी मौजूद नहीं था। स्वास्थ्य सुविधा लेने पहुंचे कई ग्रामीणों को निराश होकर वापस लौटना पड़ा है। उप स्वास्थ्य केंद्र में कुल 3 कर्मचारी पदस्थ है जिसमें केवल एक कर्मचारी ही मौजूद मिले जो उप स्वास्थ्य केंद्र के ऊपर कमरे में केंद्र में ताला लगाकर खाना बनाते हुए नजर आए। उनसे पूछताछ करने पर उन्होंने बताया कि वो टीकाकरण के लिए गई थी और बाकी 2 अन्य कर्मचारियों का ड्यूटी अगल स्थान में लगा है इसलिए केंद्र को खोला नहीं जा सकता है।
मंगलवार की दोपहर 2:20 बजे जब मीडिया की टीम उप स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे तो केंद्र में ताला जड़ा हुआ मिला है और कोई भी कर्मचारी केंद्र पर बैठा हुआ नहीं दिखा। अस्पताल बंद होने से इससे क्षेत्र के मरीजों, गर्भवती महिलाओं, बच्चों एवं बुजुर्गों को समय पर उपचार नहीं मिल पा रहा है। छोटी-छोटी स्वास्थ्य समस्याओं के लिए भी लोगों को कई किलोमीटर दूर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र या जिला अस्पताल का रुख करना पड़ता है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि कई बार संबंधित अधिकारियों को शिकायत की गई, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। उप स्वास्थ्य केंद्र के बंद रहने से शासन की स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ भी लोगों तक सही ढंग से नहीं पहुंच पा रहा है।
मामले की जानकारी खण्ड चिकित्सा अधिकारी डॉ. राज एवं डॉ. उत्तरा कंवर को दी गई है। मामले में डॉ. उत्तरा कंवर ने कर्मचारियों से नोटिस देकर जवाब तलब करने की बात कही है।

