कोरबा(समाचार मित्र) जिले के में चलती मालगाड़ी पर असामाजिक तत्वों द्वारा पथराव किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में लोको पायलट सुनील कुमार घायल हो गए। सिर पर पत्थर लगने से उन्हें चोट आई, जिसके बाद मालगाड़ी को रोककर घायल लोको पायलट को अस्पताल पहुंचाया गया।
गेवराखदान जा रही थी मालगाड़ी
जानकारी के अनुसार, कोरबा रेलवे कॉलोनी निवासी लोको पायलट सुनील कुमार मालगाड़ी लेकर गेवरा खदान की ओर जा रहे थे। मालगाड़ी जैसे ही दीपका रेलवे क्रॉसिंग के पास पहुंची, अज्ञात लोगों ने ट्रेन पर पथराव शुरू कर दिया।
पथराव के दौरान एक पत्थर इंजन के दरवाजे के कांच से टकराया। इसी दौरान एक पत्थर लोको पायलट सुनील कुमार के सिर पर जा लगा। चोट लगने से उनके सिर से खून बहने लगा और मालगाड़ी को तत्काल रोकना पड़ा।
काफी देर तक ट्रैक पर खड़ी रही मालगाड़ी
घटना के बाद मालगाड़ी काफी देर तक रेलवे ट्रैक पर खड़ी रही। इससे रेल यातायात भी प्रभावित हुआ। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे तथा घायल लोको पायलट को अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। रेलवे क्रॉसिंग और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि पथराव करने वालों की पहचान की जा सके। पुलिस आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है।
दीपका पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
रेलवे कर्मचारियों में आक्रोश
चलती ट्रेन पर पथराव की घटना को लेकर रेलवे कर्मचारियों में नाराजगी है। कर्मचारियों का कहना है कि ऐसी घटनाएं लोको पायलट और अन्य रेलकर्मियों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से पथराव करने वालों की जल्द पहचान कर कड़ी कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग की है।
फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।


