जांजगीर-चांपा:(समाचार मित्र) रक्षाबंधन के पावन पर्व पर जहां एक ओर लोग अपने घरों में भाई-बहन के स्नेह और खुशियों का आदान-प्रदान कर रहे थे, वहीं जांजगीर-चांपा जिले में पदस्थ 4 प्रशिक्षु उप-निरीक्षकों ने इस पर्व को एक अनूठी और संवेदनशील मिसाल बनाकर मनाया। प्रशिक्षु उप-निरीक्षक नितिन चंद्रवंशी, पुष्पा, गजेंद्र पाल और ओमकार वर्मा ने समाज के बेसहारा व जरूरतमंद लोगों के बीच पहुंचकर उन्हें भोजन और मिठाई बांटी।
कर्तव्य पथ पर निभाई सामाजिक जिम्मेदारी
अपने परिवारों से दूर रहकर ट्रेनिंग और ड्यूटी कर रहे इन चारों युवा अधिकारियों ने त्योहार के दिन शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर सड़क किनारे, असहाय और जरूरतमंद लोगों से मुलाकात की। उन्हें ससम्मान भोजन के पैकेट और मिठाइयां भेंट कर उनके चेहरे पर मुस्कान बिखेरी। पुलिस अधिकारियों का यह अपनत्व देखकर जरूरतमंदों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने सभी को स्नेह व आशीर्वाद दिया।
पुलिस विभाग और समाज में हो रही सराहना
प्रशिक्षु उप-निरीक्षक नितिन चंद्रवंशी, पुष्पा, गजेंद्र पाल और ओमकार वर्मा के इस मानवीय कदम ने पूरे पुलिस परिवार का मान बढ़ाया है। आम जनता के बीच खाकी के प्रति विश्वास और सम्मान को मजबूत करने वाली इस पहल की जिलेभर में भूरि-भूरि प्रशंसा हो रही है। चारों युवा अधिकारियों ने यह साबित कर दिया कि वर्दी का असल मकसद सिर्फ कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक संबल और खुशियां पहुंचाना भी है।

