कोरबा (समाचार मित्र) उप स्वास्थ्य केंद्र करमदी में कर्मचारियों के नियमित रूप से अनुपस्थित रहने और केंद्र में ताला लगे रहने की खबर प्रकाशित होने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया है। समाचार प्रकाशित होने के बाद विभागीय अधिकारियों ने संज्ञान लेते हुए जांच शुरू की, जिसके तहत संबंधित स्वास्थ्य कर्मी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। जानकारी के अनुसार, उप स्वास्थ्य केंद्र करमदी में कर्मचारियों की अनुपस्थिति के कारण क्षेत्र के ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। केंद्र में दिनभर ताला लगे रहने की शिकायतें लगातार सामने आ रही थीं, जिसके बाद यह मामला समाचार मित्र न्यूज में प्रमुखता से प्रकाशित किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए विकासखंड चिकित्सा अधिकारी (बीएमओ) डॉ राज ने उप स्वास्थ्य केंद्र में उपस्थिति रहने के बावजूद केंद्र न खोलने के मामले में संबंधित कर्मचारी श्रीमती सोनिया चौहान (आरएचओ महिला) से स्पष्टीकरण मांगा है। नोटिस में कर्मचारी से पूछा गया है कि ड्यूटी अवधि के दौरान केंद्र बंद रहने और अनुपस्थित पाए जाने के संबंध में उनका पक्ष क्या है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।


