रायगढ़ (समाचार मित्र ) छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के कापू थाना क्षेत्र में पत्नी की बेरहमी से हत्या कर फरार हुए आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी कार्तिक राम पहाड़ी कोरवा ने जून महीने में शराब के नशे में विवाद के बाद अपनी पत्नी ननकी बाई पर डंडे, घूंसे और पत्थर से हमला कर दिया था। गंभीर चोट लगने से महिला की मौत हो गई थी।
घटना के बाद आरोपी पुलिस की पकड़ से बचने के लिए तमिलनाडु भाग गया था। उसने करीब चार महीने तक वहां फरारी काटी। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी ने न तो मोबाइल फोन का उपयोग किया और न ही अपने पास आधार कार्ड रखा, ताकि उसकी पहचान और लोकेशन का पता न चल सके।
पुलिस आरोपी की लगातार तलाश कर रही थी। इस बीच कापू पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी वापस अपने गांव आया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी से हत्या की घटना के संबंध में जानकारी ली जा रही है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
महिला की हत्या की यह घटना शराब के नशे और पारिवारिक विवाद का दर्दनाक परिणाम बन गई। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच पूरी कर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

