अग्रसेन भवन में रक्तदान शिविर का सफल आयोजन ।
30 लोगों ने किया स्वैच्छिक रक्तदान, 11 सदस्यों ने ली भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी की आजीवन सदस्यता ।
गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही (समाचार मित्र) कलेक्टर विजय दयाराम के. के निर्देशन में आज अग्रसेन भवन पेण्ड्रा में स्वास्थ्य विभाग एवं अग्रवाल समाज के संयुक्त तत्वावधान में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कलेक्टर श्री विजय दयाराम के., मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रामेश्वर शर्मा, सिविल सर्जन डॉ. वेदेंद्र सिंह पैकरा तथा अग्रवाल समाज के अध्यक्ष श्री सीताराम महलवाला सहित समाज के सदस्य एवं नागरिक उपस्थित रहे। शिविर में 30 रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक स्वैच्छिक रक्तदान किया। वहीं अग्रवाल समाज के 11 सदस्यों ने भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी की आजीवन सदस्यता ग्रहण की।
रक्तदान शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए पर्याप्त मात्रा में रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना तथा आमजन को स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूक एवं प्रेरित करना रहा। इस अवसर पर बताया गया कि दुर्घटना पीड़ितों, गर्भवती महिलाओं, बच्चों एवं गंभीर बीमारी से पीड़ित मरीजों को आपातकालीन परिस्थितियों में रक्त की आवश्यकता होती है। ऐसे समय में स्वैच्छिक रक्तदान किसी जरूरतमंद के लिए जीवनदायी साबित हो सकता है। शिविर के माध्यम से जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, सामाजिक संगठनों, युवाओं, महाविद्यालयीन विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों से भी इस पुनीत कार्य में सहभागी बनकर स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील की गई। कार्यक्रम ने समाज में सेवा, सहयोग और मानवीय संवेदना की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया।


