कोरबा (समाचार मित्र) 6 अगस्त 2026 को छात्रावास की छात्राओं ने अधीक्षिका के कार्य-व्यवहार को लेकर मुख्य मार्ग पर आक्रोश प्रदर्शन किया था। छात्राओं ने अधीक्षिका को हटाने और उनके स्थान पर किसी अन्य व्यक्ति की पदस्थापना की मांग की थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पोड़ी उपरोड़ा ने मामले की जांच के लिए तीन वरिष्ठ प्राचार्यों की समिति गठित की थी।
पोड़ी उपरोड़ा स्थित 100 सीटर कन्या छात्रावास में छात्राओं के प्रति अनुचित व्यवहार की शिकायत की जांच के बाद छात्रावास अधीक्षिका शारदा नेताम को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। शारदा नेताम का मूल पद सहायक शिक्षक एलबी है और वे शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला अमलडीहा में पदस्थ थीं।
जानकारी के अनुसार, 6 अगस्त 2026 को छात्रावास की छात्राओं ने अधीक्षिका के कार्य-व्यवहार, देर रात्रि तक पूजा पाठ, पैर दबवाने जैसे कई आरोप लगे थे जिसे लेकर मुख्य मार्ग पर आक्रोश प्रदर्शन किया था। छात्राओं ने अधीक्षिका को हटाने और उनके स्थान पर किसी अन्य व्यक्ति की पदस्थापना की मांग की थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पोड़ी उपरोड़ा ने मामले की जांच के लिए तीन वरिष्ठ प्राचार्यों की समिति गठित की थी।
जांच समिति ने छात्राओं की शिकायतों और छात्रावास की व्यवस्थाओं से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की जांच की। जांच प्रतिवेदन में अधीक्षिका का व्यवहार छात्राओं के प्रति उचित नहीं पाए जाने की पुष्टि हुई। इसके अलावा छात्रावास में निर्धारित मेन्यू के अनुसार भोजन उपलब्ध नहीं कराने और भोजन की गुणवत्ता खराब होने संबंधी शिकायतें भी सही पाई गईं।
जांच में यह भी सामने आया कि छात्रावास परिसर में देर रात तक पूजा-पाठ और घंटी बजाने की वजह से छात्राओं की पढ़ाई और नींद प्रभावित हो रही थी। समिति की रिपोर्ट में इन शिकायतों की पुष्टि होने के बाद अधीक्षिका के विरुद्ध कार्रवाई के लिए प्रस्ताव जिला शिक्षा अधिकारी कोरबा के माध्यम से संयुक्त संचालक, शिक्षा संभाग बिलासपुर को भेजा गया।
प्राप्त प्रस्ताव और जांच प्रतिवेदन के आधार पर शारदा नेताम का कृत्य गंभीर कदाचरण की श्रेणी में पाए जाने पर छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के तहत उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि के दौरान शारदा नेताम को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी। वहीं, निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, पोड़ी उपरोड़ा निर्धारित किया गया है।
इस कार्रवाई के बाद छात्रावास में छात्राओं की सुरक्षा, अनुशासन, भोजन की गुणवत्ता और अध्ययन के अनुकूल वातावरण सुनिश्चित करने को लेकर प्रशासन की जिम्मेदारी और बढ़ गई है।


