कोरबा/ बांकी मोंगरा (समाचार मित्र) बांकी मोंगरा क्षेत्र स्थित 2 नंबर खदान के पास एक खेत मे जमीन का हिस्सा धसकने और खिसकने से भूस्खलन जैसी स्थिति सामने आई है। घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों में चिंता का माहौल है।
बताया जा रहा है कि खदान से लगे खेत में अचानक जमीन का एक हिस्सा धंस गया। खेत मालिक ने इसके पीछे कोयला खनन और खदान में होने वाली ब्लास्टिंग को संभावित कारण बताते हुए आशंका जताई है। हालांकि, भूस्खलन का वास्तविक कारण क्या है, इसकी अभी तक संबंधित विभाग की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
घटना में फिलहाल किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने के लिए संबंधित विभाग द्वारा मौके का निरीक्षण कर तकनीकी जांच किया जाना आवश्यक है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि जमीन धंसने की घटना के पीछे खनन गतिविधियों का कितना प्रभाव है।
स्थानीय लोगों ने भी मामले की जांच कर खेत और आसपास की जमीन की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। घटना से जुड़े फोटो और वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है।
नोट: खेत मालिक द्वारा कोयला खनन और ब्लास्टिंग को भूस्खलन का संभावित कारण बताया गया है। इसकी स्वतंत्र एवं आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है। संबंधित विभाग की जाँच रिपोर्ट के बाद ही कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

