कोरबा (समाचार मित्र) प्रधानमंत्री आवास का काम देखने और नया जॉब कार्ड बनवाने के लिए निर्देशित करने के बाद लौट रहे ग्राम रोजगार सहायक से गाली-गलौज और मारपीट की कोशिश का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक ने रोजगार सहायक को चाकू से मारने की धमकी देते हुए कहा कि “मारकर जेल चला जाऊंगा।”
जानकारी के।मुताबिक पसान थाना क्षेत्र के ग्राम अडसरा निवासी जगत पाल सिंह आयम 44 वर्ष ग्राम पंचायत अड़सरा में ग्राम रोजगार सहायक के पद पर पदस्थ हैं। उसने पुलिस को बताया कि 10 सितंबर की शाम करीब 4 बजे अपनी सहयोगी अनिता कुमारी सांडिल्य के साथ प्रधानमंत्री आवास का काम देखने और पंच को जॉब कार्ड बनवाने का निर्देश देने के बाद लौट रहा था।
इसी दौरान अनिता के घर के पास रास्ते में बंधन सिंह उर्फ बल्लू पहुंचा और दोनों से गाली-गलौज करते हुए फोन नहीं उठाने को लेकर विवाद करने लगा। जगत पाल ने गाली देने से मना किया तो आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी और चाकू से मारकर जेल जाने की बात कही। आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने झूमा-झटकी शुरू कर दी। इसी दौरान रोजगार सहायक का मोबाइल कहीं गिर गया। मामले में पसान पुलिस ने BNS की धारा 296 और 351(3) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की है।


