जांजगीर-चांपा (समाचार मित्र) भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध बिजली उत्पादन कर्मचारी संघ मड़वा जनरेशन इकाई द्वारा पुरानी पेंशन बहाली के संबंध में प्रबंधन की वादाखिलाफी के विरोध में पुनर्आंदोलन की रूपरेखा एवं कर्मचारी हितों के अन्य ज्वलंत मुद्दे समेत 7 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन मुख्य अभियंता (जनरेशन) मड़वा को सौंपा गया। जिसमें बिजली उत्पादन कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष राघवेंद्र राठौर , हरीश राठौर(अध्यक्ष) , सतवंत कंवर (कार्यकारी अध्यक्ष ),सोहित सारथी (मंत्री) , विश्वजीत राठौर (कोषाध्यक्ष), और अन्य साथी उपस्थित थे । BMS द्वारा पूरे प्रदेश भर में जोरों शोरों से चलाया जा रहा यह ज्ञापन कार्यक्रम एक आंदोलन का रूप ले रहा है ,प्रबंधन द्वारा कर्मचारी हितों को लगातार नजर अंदाज किए जाने से सभी कर्मचारी आक्रोशित है एवं सब इस आंदोलन में बढ़ चढ़ कर हिस्सा लेने के लिए उत्सुक है। संघ के इस ज्ञापन में कर्मचारियों के मुख्य मुद्दे पुरानी पेंशन के साथ ही साथ तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों का रिस्ट्रक्चरिंग,पावर कंपनी में कार्यरत तकनीकी कर्मचारियों के लिए तकनीकी भत्ता के संबंध में,वेज रिवीजन के लिए कमेटी का गठित करना, पावर कंपनी के कर्मचारियों की वरिष्ठता सूची जारी करना, संविदा कर्मियों को नियमित करना एवं बाह्य स्रोत एवं ठेका श्रमिकों की मजदूरी भुगतान सीधे पावर कंपनी द्वारा हो और नई भर्ती प्रक्रिया में उनको प्राथमिकता देना है।
उपरोक्त वर्णित मुद्दों के साथ हमारे संघ BMS ने प्रदेश व्यापी ज्ञापन एवं आंदोलन सूचना बिजली उत्पादन कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष राघवेंद्र राठौर जी के नेतृत्व में आज मुख्य अभियंता मड़वा के माध्यम से अध्यक्ष महोदय, पावर जनरेशन कंपनी और प्रबंध निदेशक छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी को ज्ञापन सौंपा गया है।

