कोरिया (समाचार मित्र) कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव के निर्देशानुसा प्रधानमंत्री पोषण शक्ति योजना अंतर्गत शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला दामुज में गुरुवार को न्योता भोजन एवं शैक्षिक प्रोत्साहन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को पौष्टिक भोजन के साथ शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी श्री जितेन्द्र गुप्ता ने विद्यालय का अवलोकन कर विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों और अध्ययन स्तर का परीक्षण किया। उन्होंने प्राथमिक कक्षा के विद्यार्थियों से पाठ्यपुस्तकों का वाचन करवाया तथा गणित के पहाड़े पूछे।
कक्षा चौथी के छात्र विराट एवं कक्षा पांचवीं के छात्र संकल्प तिवारी ने 35 तक के पहाड़े सुनाकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं माध्यमिक शाला की कक्षा आठवीं की छात्रा चुलेश्वरी ने 25 तक के पहाड़े सुनाकर सभी को प्रभावित किया। विद्यार्थियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन से प्रभावित होकर जिला शिक्षा अधिकारी ने उन्हें पुरस्कृत किया।
*शिक्षकों ने बच्चों को उपलब्ध कराई शैक्षणिक सामग्री*
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को शैक्षिक सामग्री का वितरण भी किया गया। प्राथमिक शाला के शिक्षक मान साय राजवाड़े एवं सुदीप चौबे के सौजन्य से जिला शिक्षा अधिकारी के हाथों विद्यार्थियों को टाई, बेल्ट, कॉपी एवं पेंसिल वितरित की गई। वहीं माध्यमिक शाला के शिक्षक शैलेश कुमार एवं उमेश कुमार पांडेय के सौजन्य से विद्यार्थियों को पेन एवं कॉपी प्रदान की गई।
*अधिकारी, अभिभावक और विद्यार्थियों ने साथ किया भोजन*
न्योता भोजन कार्यक्रम में अधिकारीगण, अभिभावक एवं विद्यार्थी एक साथ बैठकर भोजन किए। इस दौरान विद्यालय में सामुदायिक सहभागिता और अपनत्व का वातावरण देखने को मिला। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को पौष्टिक भोजन के साथ शिक्षा के प्रति उत्साह बढ़ाने और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री अरविंद सिंह, सरपंच सुशीला सोनपाकर, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री हेमंत राजवाड़े, लांस नायक श्री महेश मिश्रा सहित अर्जित तिर्की, दिनेश कुमार, बाबूलाल यादव, हरिचंद राजवाड़े, रामदेव एवं रामधार सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रति प्रेरित करना तथा विद्यालय और समाज के बीच सहयोग एवं सहभागिता को मजबूत करना रहा। उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए विद्यालय परिवार को शुभकामनाएं दीं।

