जांजगीर-चांपा (समाचार मित्र) बिर्रा।करही गोलीकांड में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग, उच्चस्तरीय जांच के लिए पुलिस अधीक्षक को सौंपा ज्ञापन थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम करही में बीते 23-24 अप्रैल 2026 की मध्यरात्रि हुई दर्दनाक एवं निर्मम हत्या आयुष गोलीकांड की घटना को लेकर कन्नौजिया कुर्मी एकता मंच छत्तीसगढ़ ने गंभीर चिंता जताते हुए फरार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच की मांग की है। संगठन की ओर से इस संबंध में पुलिस अधीक्षक, जांजगीर-चांपा को आवेदन सौंपकर पूरे मामले में प्रभावी कार्रवाई करने मांग की गई है।
इस संबंध में कनौजिया कुर्मी एकता मंच छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष संतोष कुमार कश्यप एवं उनके टीम द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में बताया कि बिर्रा थाना क्षेत्र के अंतर्गत करही गांव में बीते 23 अप्रैल 2026 को हुई इस गंभीर घटना में समाज के सदस्य एवं व्यवसायी सम्मेलाल कश्यप के घर में घुसकर उनके बड़े पुत्र आयुष कश्यप की गोली मारकर दर्दनाक एवं निर्मम हत्या कर दी गई थी। वहीं उनके छोटे पुत्र आशुतोष कश्यप को भी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल होने की बात आवेदन में कही गई है। घटना के बाद से पीड़ित परिवार के साथ-साथ समाज के लोगों में भी आक्रोश और चिंता का माहौल बना हुआ है।
संगठन के अनुसार, पुलिस द्वारा इस प्रकरण में अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। हालांकि आवेदन में दावा किया गया है कि घटना में कथित रूप से शामिल तीन आरोपी अभी भी फरार हैं। संगठन ने सवाल उठाते हुए कहा है कि इतने गंभीर और संवेदनशील मामले में फरार आरोपियों तक पुलिस अब तक नहीं पहुंच पाई है। आवेदन के माध्यम से इन आरोपियों की जल्द ही गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की मांग की गई है। पुलिस अधीक्षक जांजगीर चांपा को सौंपे गए ज्ञापन में यह भी आशंका व्यक्त की गई है कि घटना के पीछे केवल गिरफ्तार किए गए आरोपियों की भूमिका ही नहीं, बल्कि किसी अन्य व्यक्ति अथवा बड़े षड्यंत्रकारी की भूमिका भी हो सकती है। संगठन ने मामले की विस्तृत जांच कर संभावित मास्टरमाइंड और अन्य संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका सामने लाने की मांग की है, ताकि घटना के पीछे की वास्तविक वजह और पूरी साजिश स्पष्ट हो सके।
कन्नौजिया कुर्मी एकता मंच ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि फरार तीनों आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाए। साथ ही संभावित मास्टरमाइंड एवं अन्य संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका की गहन और निष्पक्ष जांच कराई जाए। संगठन ने पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग किए हैं। ज्ञापन में कहा गया है कि निष्पक्ष जांच के माध्यम से घटना से जुड़े सभी तथ्यों को सामने लाया जाए और दोषियों पर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाए, ताकि सम्मेलाल कश्यप के पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय मिल सके। संगठन ने पुलिस प्रशासन से इस गंभीर मामले में आवश्यक हस्तक्षेप कर त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने की अपेक्षा जताई है।
बहरहाल कारण चाहे जो भी हो लेकिन करही गोली कांड के समस्त आरोपियों के गिरफ्तार होने से पीड़ित परिवार को न्याय मिलेगा।

