छत्तीसगढ़/कोरिया (समाचार मित्र) बारिश का मौसम आते ही प्रदेश की सड़कों का हाल बेहाल हो जाता है। आम नागरिकों को बरसात के मौसम में सुगम सड़क उपलब्ध कराने में राज्य सरकार नाकाम रही है। कांग्रेस ने इस मामले को लेकर अब भाजपा सरकार को घेरना शुरू कर दिया है। नगर पंचायत पटना के प्रमुख आवागमन मार्ग पुराना NH मार्ग (डकई पारा चौक से थाना एवं बस स्टैंड मार्ग, नीलकंठ होटल के सामने बाईपास तक) की बदहाल स्थिति को लेकर लोगों में भारी आक्रोश है। सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढों के कारण राहगीरों, दोपहिया वाहन चालकों, स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और स्कूली छात्र-छात्राओं को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस गंभीर समस्या को लेकर नगर पंचायत पटना के कांग्रेस मंडल अध्यक्ष परेश कुमार सिंह ब्लाक अध्यक्ष बैकुंठपुर बिहारी राजवाड़े दीपक खत्री के मार्गदर्शन में लोक निर्माण विभाग (PWD), बैकुंठपुर को पत्र प्रेसित कर सड़क की तत्काल मरम्मत एवं पेचवर्क कराने की मांग की है। पत्र में बताया गया है कि सड़क लंबे समय से जर्जर हालत में है और बारिश के बाद गड्ढों में पानी भर जाने से दुर्घटना का खतरा और बढ़ गया है। तत्काल संधारण, मरम्मत एवं पेचवर्क के लिए संबंधित विभाग को 10 जुलाई 2026 को पत्राचार किया गया था। इसके बावजूद काफी समय बीत जाने के बाद भी जमीनी स्तर पर मरम्मत कार्य शुरू नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

हर दिन हादसे का खतरा, जिम्मेदार अधिकारी मौन !
जर्जर सड़क के कारण प्रतिदिन दोपहिया वाहन चालक गिरकर घायल हो रहे हैं। सड़क के गड्ढों में पानी भरने से वाहन चालकों को गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे गंभीर दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन की उदासीनता के कारण समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है।
7 दिन का अल्टीमेटम, नहीं तो आंदोलन
मंडल अध्यक्ष ने PWD से मांग की है कि सड़क का मरम्मत एवं पेचवर्क कार्य आगामी 7 दिनों के भीतर अनिवार्य रूप से शुरू कराया जाए। यदि निर्धारित समय-सीमा में काम शुरू नहीं होता है, तो नगर पंचायत पटना की पीड़ित जनता, व्यापारी एवं जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर अनिश्चितकालीन चक्काजाम, धरना-प्रदर्शन एवं उग्र जनांदोलन किया जाएगा। पत्र में इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित प्रशासन एवं विभाग की होने की बात कही गई है।
जनप्रतिनिधियों ने जताई नाराजगी
नगर पंचायत पटना मंडल अध्यक्ष ने कहा कि यह मार्ग क्षेत्र का महत्वपूर्ण आवागमन मार्ग है। इसके बावजूद लंबे समय से सड़क की मरम्मत नहीं होना प्रशासनिक उदासीनता को दर्शाता है। उन्होंने जनहित में तत्काल कार्रवाई करते हुए सड़क को आवागमन योग्य बनाने की मांग की है।
पत्र की प्रतिलिपि अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सह SDM बैकुंठपुर, थाना प्रभारी पटना आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।

