छत्तीसगढ़ (समाचार मित्र) प्रदेश में आए दिन शराब के कारण परिवार के तबाह होने की खबरें आ रहें है अब ऐसा मामला आया है जिसने पूरे राज्य के शादी शुदा महिलाओं को चिंता में डाल दिया है। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के मगरलोड थाना क्षेत्र में शराब पीने से रोकना एक महिला को भारी पड़ गया। आरोप है कि नशे में धुत पति ने विवाद के दौरान अपनी पत्नी के सिर पर लोहे के हथौड़े से कई बार हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को उपचार के लिए जिला अस्पताल धमतरी में भर्ती कराया गया है। वहीं घटना के बाद फरार आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
शराब पीकर घर पहुंचा था आरोपी
पुलिस के अनुसार, घटना 2 सितंबर की रात ग्राम भैंसमुंडी की है। यहां 36 वर्षीय चम्मन लाल साहू शराब के नशे में घर पहुंचा था। उसकी पत्नी किरण साहू ने उसे शराब पीने से मना किया। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
विवाद बढ़ने पर आरोपी चम्मन लाल साहू ने कथित रूप से लोहे का हथौड़ा उठाया और पत्नी के सिर पर लगातार कई वार कर दिए। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
डायल-112 की मदद से पहुंचाया अस्पताल
घटना के बाद परिजनों ने तत्काल डायल-112 को सूचना दी। पुलिस और सहायता टीम मौके पर पहुंची तथा घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मगरलोड ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल धमतरी रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज जारी है।
हथौड़ा बरामद, आरोपी जेल भेजा गया
घटना की जानकारी मिलते ही मगरलोड थाना पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की और कुछ ही समय में उसे हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किए जाने का आरोप वाला लोहे का हथौड़ा भी पुलिस ने बरामद कर जब्त किया है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।


